Modi Cabinet 2024: मोदी सरकार में विभागों का बंटवारा, शिवराज को कृषि और सिंधिया को मिला टेलीकॉम
रिपोर्ट्स के मुताबिक अमित शाह को फिर से गृह मंत्री, राजनाथ सिंह को रक्षा मंत्री, नितिन गडकरी को सड़क मंत्री बनाया गया है। जबकि एस जयशंकर के पास विदेश मंत्रालय ही रहेगा।

नई दिल्ली। शपथग्रहण के दूसरे दिन सोमवार को मोदी सरकार में विभागों का बंटवारा कर दिया गया है। नई कैबिनेट में बड़े विभागों को यथावत रखा गया है। अमित शाह को फिर से गृह मंत्री, राजनाथ सिंह को रक्षा मंत्री, नितिन गडकरी को सड़क परिवहन मंत्री बनाया गया है। इसके अलावा एस जयशंकर के पास विदेश मंत्रालय और निर्मला सीतारमण के पास वित्त मंत्रालय रहेगा। वहीं, जेपी नड्डा स्वास्थ्य मंत्री बनाए गए हैं।
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को भी बड़ा विभाग दिया गया है। वे केंद्र सरकार में कृषि मंत्री रहेंगे। इसके साथ ग्रामीण विकास मंत्रालय की जिम्मेदारी भी उन्हें ही दी गई है। इसके पहले कृषि मंत्रालय की जिम्मेदारी नरेंद्र सिंह तोमर के पास भी रह चुकी है। वहीं, ज्योतिरादित्य सिंधिया से इस बार नागरिक उड्डयन मंत्री छिन गया है। उन्हें इस बार टेलीकॉम यानी दूरसंचार मंत्रालय दिया गया है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय टीडीपी को राम मोहन नायडू को दिया गया है।
मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ से सांसद वीरेंद्र कुमार को सामाजिक न्याय मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा मध्य प्रदेश के बैतूल से सांसद दुर्गादास उइके दुर्गादास उइके को ट्राइबल अफेयर्स जबकि धार सांसद सावित्री ठाकुर को महिला एवं बाल विकास विभाग में राज्यमंत्री बनाया गया है।
Modi Cabinet 2024: मोदी सरकार में विभागों का बंटवारा, शिवराज को कृषि और सिंधिया को मिला टेलीकॉम
— Humsamvet (@humsamvet) June 10, 2024
अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, निर्मला सीतारमण, डॉ. एस जयशंकर पीयूष गोयल और अश्विनी वैष्णव को उनके मंत्रालयों में बरकरार रखा गया।
पूरी लिस्ट pic.twitter.com/olQN7LbLJ9
सहयोगी दलों की बात करें तो JDU के ललन सिंह को पंचायती राज मंत्री बनाया गया है। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के जीतन राम मांझी को MSME विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। JDS नेता HD कुमारस्वामी को भारी उद्योग और स्टील, जबकि टीडीपी के राम मोहन नायडू को उड्डयन मंत्री बनाया गया है।