Rekha Sharma: लव जिहाद मामले में घिरीं महिला आयोग अध्यक्ष रेखा शर्मा, ट्विटर पर ट्रेंड हुई इस्तीफे की मांग

Love Jihad Controversy: महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात में लव जिहाद पर चर्चा की बात कही थी, केंद्रीय गृह मंत्रालय कर चुका है लव जिहाद के अस्तित्व से इनकार

Updated: Oct 21, 2020, 07:46 PM IST

Photo Courtesy: Twitter
Photo Courtesy: Twitter

दिल्ली। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा के खिलाफ सोशल मीडिया पर कैंपेन चल रहा है, जिसमें उनके इस्तीफे की मांग की जा रही है। दरअसल ये सारा विवाद महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से उनकी मंगलवार को हुई मुलाकात के बाद शुरू हुआ है। महिला आयोग ने बताया कि उन्होंने राज्यपाल से लव जिहाद के बढ़ते मामलों और महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर बातचीत की थी। जिसके बाद इस पर खासा बवाल चालू हो गया। सोशल मिडिया पर उन्हें हटाने की मांग उठने लगी। ट्विटर पर #रेखाशर्माइस्तीफा_दो ट्रेंड होने लगा। 

राष्ट्रीय महिला आयोग की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि रेखा शर्मा ने दावा किया कि महाराष्ट्र में 'लव जिहाद' के मामलों में पिछले दिनों बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने आपसी सहमति से भिन्न धर्मों के लोगों के विवाह और 'लव जिहाद' के बीच के अंतर को बताते हुए इस मुद्दे पर महाराष्ट्र के राज्यपाल से बात की।  

 

इस मुद्दे पर ट्विटर पर बवाल बढ़ता देख उन्होंने कहा कि मेरे ट्विटर पर कुछ संदिग्ध गतिविधियां देखने को मिल रही हैं, जिनकी शिकायत मैंने ट्विटर से की है। जिसकी जांच चल रही है। मैं ट्रोलर्स को जबाव देना पसंद नहीं करती हूं। इसके बाद उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट के पुराने ट्वीट को प्रोटेक्ट कर दिया है। 

गौरतलब है कि महिला आयोग के ट्विटर हैंडल से रेखा शर्मा और राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी की एक फोटो साझा की गई। जिसके कैप्शन में लव जिहाद शब्द का उपयोग किया गया। अक्सर इस शब्द का उपयोग कुछ कट्टरपंथी लोग करते हैं। हालांकि केंद्र सरकार का गृह मंत्रालय खुद संसद में मान चुका है कि लव जिहाद जैसे किसी अपराध का कोई अस्तित्व उसकी जानकारी में नहीं है।