नीतीश कैबिनेट का विस्तार आज, 31 मंत्री लेंगे शपथ, आरजेडी कोटे से होंगे सर्वाधिक 16 मंत्री

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव के दो सदस्यीय मंत्रिमंडल का विस्तार आज होने वाला है, मंत्रिमंडल में वाम दलों ने शामिल नहीं होने का फैसला लिया है

Updated: Aug 16, 2022, 04:36 AM IST

नई दिल्ली। बिहार में महागठबंधन की सरकार का आज विस्तार होना है। मंगलवार को नीतीश कुमार की कैबिनेट में और 31 चेहरे शामिल हो रहे हैं। कैबिनेट में राजद, जेडीयू समेत कांग्रेस और हम को भी जगह मिल रही है। सबसे ज्यादा RJD से 16, JDU से 11, कांग्रेस से 2, हम से एक और एक निर्दलीय विधायक मंत्री बनाए जा रहे हैं। 

जनता दल यूनाइटेड के पास पुराने विभाग रहेंगे और राष्ट्रीय जनता दल के पास सब भाजपा के मंत्रियों के विभाग होंगे। केवल वित्त और शिक्षा मंत्रालय की बदला-बदली होगा। वित्त जनता दल यूनाइटेड के पास होगा, जबकि शिक्षा राजद को दिया जाएगा।

जनता दल यूनाइटेड से विजय कुमार चौधरी, अशोक चौधरी, संजय झा, शीला मंडल, जयंत राज, श्रवण कुमार, मदन साहनी, सुनील कुमार और जमा खान आज शपथ ले सकते हैं। वहीं हम से संतोष माँझी को मंत्री बनाया जा सकता है। कांग्रेस से मुरारी लाल गौतम और अफ़ाक़ आलम को मंत्री बनाए जाने की संभावना है।

इसके अलावा राष्ट्रीय जनता दल से तेजप्रताप यादव, सुरेंद्र यादव, ललित यादव, रामानन्द यादव, कुमार सर्वजीत, सुरेंद्र राम, शाहनवाज़ आलम (हाल में एआईएमआईएम से आये हैं और पूर्व सांसद तस्लिमुद्दीन के बेटे हैं),आलोक मेहता,  चंद्रशेखर, समीर महासेठ, भरत मंडल, अनिता देवी और सुधाकर सिंह को मंत्री पद दिया जा सकता है।

अकेले निर्दलीय विधायक सुमित कुमार सिंह जिनके दिवंगत पिता नरेंद्र सिंह मुख्यमंत्री के पुराने सहयोगी रहे थे, वे भी मंगलवार को शपथ लेंगे।