Kanpur Encounter : आरोपी विकास दुबे पर अब ढ़ाई लाख का इनाम

Crime in UP : अब तक गिरफ्त से बाहर 8 पुलिसकर्मियों का हत्‍यारा, सरकार ने बढ़ाई इनामी राशि

Publish: Jul 07, 2020, 02:59 AM IST

कानपुर मुठभेड़ में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के तीन दिन बाद भी पुलिस मुख्य आरोपी और हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे का पता नहीं लगा पाई है। उसकी खबर पाने के लिए विकास दुबे पर इनाम की रकम बढ़ाकर ढ़ाई लाख रुपये कर दी गई है। पहले यह रकम एक लाख रुपये थी। इसके साथ ही विकास दुबे के पोस्टर पूरे प्रदेश में लगाए जाएंगे।

विकास दुबे पर पहले 50 हजार रुपये की इनामी राशि थी। घटना के तुरंत बाद इसे बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दिया गया था। विकास के अलावा उसके 18 साथियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम रखा गया। इनमें से एक आरोपी दया शंकर अग्निहोत्री पुलिस के हाथ आ चुका है। पुलिस ने उसे कल्याणपुर में हुई मुठभेड़ में दबोच लिया। उस दौरान उसके पैर में गोली लगी और अब उसका इलाज चल रहा है।

दया शंकर अग्निहोत्री पुलिस पर हमले में शामिल था। अग्निहोत्री ने बताया कि दबिश के पहले ही चौबेपुर थाने से विकास दुबे का पास फोन आ गया था। इसके बाद दुबे ने अग्निहोत्री समेत अन्य साथियों को अपने बिकरू स्थित घर बुलाया और पुलिस पर हमले की योजना बनाई।

इस पूरे मामले में मुखबरी के आरोप लगने पर चौबेपुर थाने के एसओ समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। वहीं जांच में यह बात भी सामने आई है कि पुलिस की दबिश के ठीक पहले बिकरू गांव की बिजली काट दी गई. पुलिस इस संबंध में भी पूछताछ कर रही है।  

पुलिस को विकास दुबे की आखिरी लोकेशन औरैया में मिली थी। आशंका है कि विकास दुबे या तो नेपाल भाग सकता है या फिर मध्य प्रदेश। इनाम की रकम बढ़ाकर पुलिस हर उस संभावना को टटोल रही है जिसमें विकास के बारे में कोई सुराग मिल सके।