जम्मू में पाकिस्तान ने फिर किया संघर्ष विराम का उल्लंघन, गोलीबारी में BSF के जवान की मौत

जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में बुधवार देर रात पाकिस्तान की ओर से फायरिंग हुई जिसमें BSF का एक जवान घायल हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

Updated: Nov 09, 2023, 10:35 AM IST

जम्मू कश्मीर। पाकिस्तान ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बुधवार देर रात एक बार संघर्षविराम का उल्लंघन किया है। जम्मू संभाग के सांबा जिले के रामगढ़ सेक्टर में सीमा के पास पाकिस्तान रेंजर्स द्वारा की गई गोलीबारी में बीएसएफ के एक जवान की मौत हो गई। ये तीन हफ्ते में तीसरी बार है जब पाकिस्तान ने सीजफायर का उल्लंघन किया है।

BSF अधिकारियों ने बताया कि रामगढ़ सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बने नयनपुर पोस्ट पर गोलीबारी हुई, जिसमें BSF का एक जवान घायल हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जवान का नाम लाल फर्न किमा बताया जा रहा है। बीएसएफ ने एक बयान में कहा, 'आठ-नौ नवंबर की रात पाकिस्तान रेंजर्स ने रामगढ़ इलाके में अकारण गोलीबारी की, जिसका बीएसएफ जवानों ने माकूल जवाब दिया।'

यह भी पढ़ें: सिलावट सरकार में मिलावट कर रहे थे, पैसों के लिए जनमत का सौदा किया, सांवेर में बोलीं प्रियंका गांधी

रामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) डॉ. लखविंदर सिंह ने कहा कि पाकिस्तानी गोलीबारी में बीएसएफ का एक जवान घायल हो गया और रात करीब एक बजे इलाज के लिए उन्हें यहां लाया गया। सीमा से लगे जेरडा गांव के मोहन सिंह भट्टी ने बताया कि रात करीब 12.20 बजे शुरू गोलीबारी शुरू हुई। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की तरफ से अंतरराष्ट्रीय सीमा पर की गई गोलीबारी के कारण भय का माहौल बन गया है।

उधर, शोपियां के कथोहलान इलाके में बुधवार देर रात सेना और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें प्रतिबंधित आतंकी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) के एक आतंकी को मार गिराया गया। पुलिस ने बताया कि मारे गए आतंकी के पास से हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है। अन्य आतंकियों की तलाश की जा रही है।