पप्पू यादव की पार्टी JAP का कांग्रेस में विलय, पूर्णिया से कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ने की अटकलें

पप्पू यादव ने कहा कि राहुल गांधी जी संघर्ष के प्रतीक हैं। उन्होंने देश के लिए एक उम्मीद जगाई है। उनकी पत्नी रंजीत रंजन राज्यसभा सदस्य हैं। उन्हें कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ से राज्यसभा भेजा था।

Updated: Mar 21, 2024, 11:27 AM IST

नई दिल्ली। पांच बार के लोकसभा सांसद रहे राजेश रंजन ऊर्फ पप्पू यादव बुधवार को कांग्रेस में शामिल हो गए और अपनी जन अधिकार पार्टी (JAP) का विलय कर दिया। यादव और उनके पुत्र सार्थक ने कांग्रेस मुख्यालय में देश की सबसे पुरानी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस के बिहार प्रभारी मोहन प्रकाश और पार्टी के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने पार्टी में उनका स्वागत किया।

कांग्रेस में शामिल होने के बाद पप्पू यादव ने कहा, 'मेरी विचारधारा हमेशा कांग्रेस की विचारधारा के करीब रही है...राहुल गांधी जी संघर्ष के प्रतीक हैं। उन्होंने देश के लिए एक उम्मीद जगाई है। उन्होंने कहा, 'कांग्रेस और लालू यादव मिलकर 2024 जीतेंगे और 2025 जीतेंगे। 

और पढ़ें: UP में Liv. 52 समेत 32 दवाओं पर लगा प्रतिबंध, कुछ में खतरनाक स्टेरॉयड की मिली मिलावट

बता दें कि पप्पू यादव की पत्नी रंजीत रंजन भी कांग्रेस की नेता हैं और वह राज्यसभा सदस्य हैं। माना जा रहा है कि पप्पू यादव कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं। पप्पू यादव ने कल लालू और तेजस्वी यादव से मुलाकात की थी।

उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा था कि उनकी पितातुल्य लालू यादव और भाई तेजस्वी के साथ एक पारिवारिक माहौल में मुलाकात हुई। इस मुलाकात में बिहार में बीजेपी को हराने की रणनीति पर चर्चा की गई। बिहार में गठबंधन को मजबूत करने और सीमांचल, कोसी, मिथिलांचल में सौ फीसदी सफलता पर चर्चा की गई।

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो पप्पू यादव पूर्णिया सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ सकते हैं। इस सीट को लेकर उन्होंने लालू यादव से भी चर्चा की है। बता दें कि पप्पू यादव की पत्नी कांग्रेस से राज्यसभा की सांसद हैं। उन्हें छत्तीसगढ़ से पार्टी ने राज्यसभा के लिए भेजा है। हाल ही में उन्होंने तेजस्वी यादव की भी तारीफ की थी।