भोपाल AIIMS की नर्सिंग ऑफिसर ने फांसी लगाकर दी जान, दो महीने पहले पति ने भी की थी आत्महत्या
भोपाल के AIIMS में कार्यरत नर्सिंग ऑफिसर दिव्या ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दो महीने पहले उनके पति ने भी तमिलनाडु में जान दे दी थी।
भोपाल। राजधानी भोपाल के अवधपुरी थाना क्षेत्र में स्थित सुभाष विला कॉलोनी में रहने वाली AIIMS भोपाल की नर्सिंग ऑफिसर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान दिव्या के रूप में हुई है। वह मूल रूप से तमिलनाडु की रहने वाली थी। शुरुआती जांच में आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, दिव्या के पति ने करीब दो महीने पहले तमिलनाडु में आत्महत्या कर ली थी। इस घटना के बाद वह अपने 8 वर्षीय बेटे और 3 वर्षीय बेटी के साथ भोपाल आकर रहने लगी थी। उन्होंने बच्चों का स्कूल में दाखिला कराया था और उनकी देखभाल के लिए एक केयरटेकर भी रखा था।
बताया गया कि घटना वाले दिन सुबह दोनों बच्चों के स्कूल जाने के बाद दिव्या अपने कमरे में चली गई। कुछ समय बाद केयरटेकर ने उन्हें आवाज लगाई लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा नहीं खुलने पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। वहां दिव्या का शव फंदे से लटका मिला।
घटना का सबसे भावुक पहलू उस समय सामने आया जब स्कूल से लौटे दोनों बच्चे अपनी मां से मिलने की जिद करते रहे। उस वक्त पुलिस मौके पर पंचनामा की कार्रवाई कर रही थी। मासूम बच्चों को काफी देर तक यह एहसास ही नहीं था कि उनकी मां अब इस दुनिया में नहीं रहीं। यह दृश्य वहां मौजूद पुलिसकर्मियों को भी भावुक कर गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। घटना की सूचना दिव्या के परिजनों को दे दी गई है। वे तमिलनाडु से भोपाल के लिए रवाना हो चुके हैं। फिलहाल मौके से किसी सुसाइड नोट के मिलने की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।




