AMU में नज़र आता है मिनी इंडिया, शताब्दी समारोह में बोले प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के शताब्दी समारोह में किया विश्वविद्यालय की उपलब्धियों का बखान

Updated: Dec 22, 2020, 06:42 PM IST

Photo Courtesy: Naidunia
Photo Courtesy: Naidunia

नई दिल्ली/अलीगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के शताब्दी समारोह को संबोधित किया। मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि उन्हें AMU में मिनी इंडिया नज़र आता है। उन्होंने कहा कि AMU का कैंपस अपने आप में एक शहर जैसा है। इसमें मिनी इंडिया भी नज़र आता है।

AMU जैसे प्रतिष्ठित संस्थान देश की ताकत हैं

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि AMU जैसे प्रतिष्ठित संस्थान देश की ताकत हैं। उन्होंने कहा कि AMU के साथ बिल्डिंग ही नहीं बल्कि शिक्षा इतिहास जुड़ा हुआ है। आज AMU से तालीम लेकर निकले लोग भारत के सर्वश्रेष्ठ स्थानों के साथ ही दुनिया के सैकड़ों देशों में छाए हुए हैं। मोदी यहीं नहीं रुके, उन्होंने कहा कि AMU से पढ़े लोग चाहे दुनिया में कहीं भी रहें लेकिन वे हर जगह भारत की संस्कृति का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंनेकहा कि AMU में एक तरफ जहां उर्दू पढ़ाई जाती है तो वहीं दूसरी तरफ अरबी और संस्कृत भी पढ़ाई जाती है। AMU जैसे संस्थान देश की ताकत हैं। 

पीएम मोदी ने कहा कि कोरोना काल में AMU ने जो समाज की मदद की वो अभूतपूर्व है। मुझे विश्वास है कि AMU केे छात्र अपने देश को ध्यान में रखकर आगे बढ़ेंगे। इसके साथ प्रधानमंत्री अपने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि आज उनकी सरकार जो योजनाएं बना रही हैं उसका लाभ बिना किसी भेदभाव के हर मजहब तक पहुंच रहा है। मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि एक ऐसा समय था जब हमारे देश में 70 फीसदी मुस्लिम बेटियां पढ़ाई बीच में ही छोड़ देती थीं। लेकिन अब यह आंकड़ा सिर्फ तीस फीसदी ही है। 

यह 56 वर्षों बाद पहला मौका है जब देश के प्रधानमंत्री AMU के किसी कार्यक्रम में शिरकत कर रहे हैं। इससे पहले पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने 1964 में AMU के कार्यक्रम में शिरकत की थी। मोदी ने आज AMU के शताब्दी समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर विशेष डाक टिकट भी जारी किया।