WhatsApp डीपी में औरंगजेब की तस्वीर लगाना पड़ा भारी, पुलिस ने आरोपी शख्स को किया गिरफ्तार

नवी मुंबई पुलिस ने मुगल बादशाह औरंगजेब की तस्वीर का इस्तेमाल अपनी व्हाट्सएप प्रोफाइल पिक्चर के तौर पर करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। हालांकि, बाद में उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।

Updated: Jun 13, 2023, 09:43 AM IST

महाराष्ट्र में मुगल शासक औरंगजेब को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब ताजा विवाद औरंगजेब की डीपी लगाने को लेकर सामने आया है। नवी मुंबई में एक शख्स के खिलाफ इसलिए मामला दर्ज किया गया क्योंकि उसने अपने व्हाट्सएप की डीपी में औरंगजेब की तस्वीर लगा रखी थी। आरोपी का नाम मोहम्मद अली है।

नवी मुंबई के वासी इलाके के रहने वाले अमरजीत सुर्वे की शिकायत के बाद पुुलिस ने औरंगजेब की डीपी लगाने वाले शख्स को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि पूछताछ करने के बाद फिर उसे चेतावनी देकर रिहा कर दिया गया। अब पूरे मामले पर कानूनी विवाद शुरू हो गया है। 

शिकायतकर्ता का कहना था कि उसके मोबाइल पर औरंगजेब की डीपी वाला एक स्क्रीन शॉट आया था। तहकीकात करने के बाद डीपी लगाने वाले शख्स से संपर्क किया गया और उसे डीपी बदलने को कहा गया लेकिन जब उसने डीपी नहीं बदली तो उसके खिलाफ थाने में केस दर्ज कराया गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 298 और 153-ए के तहत मामला दर्ज किया।

पुलिस कार्रवाई को लेकर भी अब सवाल उठने लगे हैं। कानूनी एक्सपर्ट्स का कहना है कि औरंगजेब की डीपी लगाना कोई अपराध नहीं है। क्योंकि औरंगजेब हमारे इतिहास का हिस्सा हैं। कोर्स की किताबों में उनकी तस्वीरें छपी हैं। दिल्ली में उनके नाम पर रोड था। औरंगजेब का शासन और उनकी कहानी हमारी शिक्षा में शामिल है, तो क्या उनकी पढ़ाई करने वाले, किताबों में उनकी फोटो छापने वालों के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा?

बता दें कि महाराष्ट्र के अहमदनगर में पिछले दिनों रैली के दौरान औरंगजेब के पोस्टर लहराने को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार भी किया था और चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। इसके बाद प्रदेश के कई शहरों में मुगल बादशाह औरंगजेब और टीपू सुल्तान के कथित महिमामंडन को लेकर तनाव फैल गया। पिछले 7 जून को कोल्हापुर बंद करने का आह्वान किया गया।