पंजाब कैबिनेट विस्तार: चन्नी सरकार में 6 नए चेहरे, 10 पूर्व मंत्रियों की हुई वापसी

हाईकमान से चर्चा करने के बाद फाइनल हुआ लिस्ट, रजिया सुल्ताना, विजय इंदर सिंगला, भारत भूषण आशु,  रणदीप सिंह नाभा जैसे नए चेहरों को मिली जिम्मेदारी

Updated: Sep 26, 2021, 12:37 PM IST

चंडीगढ़। पंजाब में आज चरणजीत सिंह चन्नी सरकार का मंत्रिमंडल गठित हो गया है। चन्नी मंत्रिमंडल में 10 पूर्व मंत्रियों की वापसी हुई है, जबकि 6 नए चेहरे को शामिल किया गया है। खास बात ये है कि मंत्रिमंडल में राणा गुरजीत सिंह को भी शामिल किया है। जबकि कांग्रेस के कई नेताओं ने इसका विरोध किया था।

दरअसल, आधा दर्जन कांग्रेस विधायकों ने शपथ ग्रहण से पूर्व गुरजीत सिंह के मंत्री बनाए जाने को लेकर प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू को पत्र लिखकर विरोध जताया था। कांग्रेस विधायकों ने मांग की थी की उनके जगह किसी साफ छवि वाले दलित नेता को मौका दिया जाए। राणा गुरजीत सिंह कैप्टन अमरिंदर सरकार की पहली सरकार में मंत्री थे। साल 2018 में उन्हें अवैध खनन के आरोपों में मंत्रिमंडल से बाहर कर दिया गया था। वे नवजोत सिंह सिद्धू के करीबी माने जाते हैं और पंजाब के सबसे अमीर विधायक हैं।

यह भी पढ़ें: योगी कैबिनेट का विस्तार आज, जितिन प्रसाद, पलटू राम समेत ये नए चेहरे होंगे शामिल

राजभवन में मंत्री पद की शपथ लेने वाले विधायकों में ब्रह्म मोहिंद्रा, मनप्रीत सिंह बादल, राजिंदर बाजवा, अरुणा चौधरी, सुखविंदर सिंह सरकारिया और राणा गुरजीत सिंह जैसे दिग्गज नेताओं का नाम शामिल है। इसके अलावा चन्नी कैबिनेट में रजिया सुल्ताना, विजय इंदर सिंगला, भारत भूषण आशु, रणदीप सिंह नाभा जैसे नए चेहरों को भी मौका दिया गया है।