पुजारी ने की प्रियंका गांधी से अपील, पीएम और सीएम दोनों आपकी ही पार्टी का हो

रायबरेली के एक हनुमान मंदीर के पुजारी ने की प्रियंका गांधी से अपील, रायबरेली को अपना निवास स्थान बनाने का किया आग्रह, उत्तर प्रदेश चुनावों में कांग्रेस की जीत की कामना

Updated: Sep 12, 2021, 11:33 AM IST

Photo Courtesy : Amar Ujala
Photo Courtesy : Amar Ujala

रायबरेली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी इस समय उत्तर प्रदेश के चार दिवसीय दौरे पर हैं। रविवार को जब वे रायबरेली पहुंचीं तब मंदिर के एक पुजारी ने उनसे रायबरेली को ही अपना निवास स्थान बनाने की अपील कर दी। पुजारी ने कहा कि वे चाहते हैं कि राज्य में कांग्रेस की सरकार बने और सिर्फ राज्य ही नहीं बल्कि देश का प्रधानमंत्री भी कांग्रेस पार्टी का हो। 

रायबरेली के चुरुवा स्थित हनुमान मंदिर में प्रियंका गांधी जब मत्था टेकने पहुंची तब मंदिर के पुजारी ने प्रियंका गांधी से कहा कि उत्तर प्रदेश को आपकी ज़रुरत है। पुजारी ने प्रियंका गांधी से अपील करते हुए कहा कि आप अपना निवास स्थान रायबरेली बनाईए। और मैं कामना करता हूं कि उत्तर प्रदेश में आपकी सरकार आए, और आपकी ही पार्टी का कोई मुख्यमंत्री भी बने और प्रधानमंत्री भी बने।  

पुजारी ने आगे गांधी परिवार द्वारा किए गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जितना अच्छा काम आपके परिवार ने किया है वो किसी ने नहीं किया। पुजारी ने कहा कि मैं मंदिर का पुजारी हूं, किसी पार्टी की बुराई नहीं करुंगा। लेकिन जितना अच्छा काम आपके परिवार ने आपके खानदान ने किया है उतना किसी ने नहीं किया। पुजारी ने 2004 में हुए लोकसभा चुनावों का उदाहरण देते हुए कहा कि आज के समय में कोई व्यक्ति प्रधान तक का पद नहीं छोड़ना चाहता।  लेकिन आपकी माता जी ने प्रधानमंत्री तक का पद ठुकरा दिया। जो कि बहुत बड़ी बात है।  

यह भी पढ़ें ः सड़कें बंगाल की, फैक्ट्री अमेरिका की, प्रचार योगी का, चोरी का विकास दिखा बुरे फंसे सीएम योगी

रायबरेली और अमेठी गांधी परिवार की पारंपरिक सीट मानी जाती रही हैं। रायबरेली से इस समय खुद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी सांसद हैं। सोनिया गांधी ने  रायबरेली से पहली बार 2004 में चुनाव लड़ा था। इसके बाद से ही वे लगातार इस सीट से जीतती आ रही हैं। सोनिया गांधी ने रायबरेली से पहले 1999 में अमेठी से चुनाव जीता था। लेकिन 2004 में राहुल गांधी के चुनावी राजनीति में कदम रखने के बाद सोनिया गांधी ने रायबरेली की सीट को चुना।  

खुद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का इन दोनों सीटों से गहरा नाता रहा है। सक्रिय राजनीति में आने से पहले भी प्रियंका गांधी अक्सर अमेठी और रायबरेली जाया करती थीं। प्रियंका गांधी की सक्रिय राजनीति की शुरुआत के बाद पहली मर्तबा उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। प्रियंका गांधी इस समय उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की प्रभारी भी हैं। 

यह भी पढ़ें ः 12 हज़ार किलोमीटर की प्रतिज्ञा यात्रा करेंगी प्रियंका गांधी, मिशन यूपी पर है कांग्रेस की नज़र

राज्य में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले प्रियंका गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में प्रतिज्ञा यात्रा निकालने की योजना बनाई है। करीब 12 हज़ार किलोमीटर की दूरी तय करने वाली इस यात्रा में प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश के हर शहर और हर बड़े गांव का दौरा करेंगी। कांग्रेस चुनावों से पहले तक ज़्यादा से ज़्यादा जनता तक अपनी पहुंच बनाना चाहती है।