राहुल गांधी कांग्रेस नेताओं के साथ इंफाल के लिए रवाना, विमान में लगे न्याय का हक, मिलने तक के नारे

एक वीडियो कांग्रेस पार्टी ने अपने एक्स हैंडल पर शेयर किया है। विमान के अंदर राहुल गांधी, दिग्विजय सिंह, अशोक गहलोत के साथ कांग्रेस के सभी बड़े नेता दिखाई दे रहे हैं।

Updated: Jan 14, 2024, 11:37 AM IST

कांग्रेस पार्टी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' आज से मणिपुर के थौबल से शुरू होने वाली है। दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट से कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी मणिपुर के लिए रवाना हो गए हैं। दिल्ली में घने कोहरे के चलते उनकी फ्लाइट में देरी हुई।

जिस विमान से राहुल गांधी मणिपुर के लिए रवाना हुए, उसका एक वीडियो कांग्रेस पार्टी ने अपने एक्स हैंडल पर शेयर किया है। विमान के अंदर राहुल गांधी, दिग्विजय सिंह, अशोक गहलोत के साथ कांग्रेस कई बड़े नेता दिखाई दे रहे हैं। सभी नेता नारा लगा रहे हैं, ‘न्याय का हक, मिलने तक’। नीचे दिए गए लिंक में आप पूरा वीडियो देख सकते हैं।

मणिपुर के थौबल के खोंगजोम से 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' दोपहर 12.30 बजे शुरू होगी। कार्यक्रम के मुताबिक, राहुल गांधी दोपहर 12 बजे खोंगजोम के वॉर मेमोरियल में जाएंगे और यहां श्रद्धांजलि देने के बाद 12.20 बजे थौबल के खोंगजोम के न्याय मैदान में एक सभा होगी। इसके बाद 12.30 बजे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। शाम 5.30 बजे इम्फाल के कोइरेंग बाजार में यात्री कुछ देर के लिए विश्राम करेंगे। इसके बाद यात्रा आगे बढ़ेगी। इम्फाल के कोजेंगलिमा स्पोर्ट्स एसोसिएशन फुटबॉल ग्राउंड में यात्री रात्रि विश्राम करेंगे।

भारत जोड़ो न्याय यात्रा मणिपुर से शुरू हो रही है और नागालैंड, आसाम, अरुणचाल होते हुए ये देश के 15 राज्यों से गुजरेगी और अंत में मुंबई में पहुंचेगी। 110 जिलों से होते हुए यह यात्रा 100 लोकसभा सीटें और 337 विधानसभा सीटें कवर करेगी। करीब 6700 किमी दूरी तय करके यह यात्रा मुंबई में खत्म होगी। यह 66 दिनों का सफर होगा और हर दिन दो बार राहुल गांधी का संबोधन होगा।

इस यात्रा के दौरान राहुल गांधी समाज के विभिन्न वर्गो से, संगठनों से बात करेंगे और उनकी समस्याओं के समाधानों पर विचार-विमर्श करेंगे। 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' से NGOs, पत्रकारों, किसान, छोटे व्यापारी, दलित-पिछड़े वर्ग, आदिवासियों और बौद्धिक वर्ग को जोड़ने को भी जोड़ा जाएगा।