मुंबई में राहुल गांधी की न्याय संकल्प पदयात्रा, महात्मा गांधी के प्रपौत्र तुषार गांधी समेत कई हस्तियां शामिल

मुंबई में यह पदयात्रा अगस्त क्रांति मैदान तक निकाला गया, जहां 1942 में अंग्रेजों के शासन से भारत की आजादी के संघर्ष के दौरान 'भारत छोड़ो आंदोलन' शुरू हुआ था।

Updated: Mar 17, 2024, 11:50 AM IST

मुंबई। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा मुंबई पहुंच चुकी है और आज मेगा रैली के साथ यात्रा का समापन होगा। इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मुंबई शहर में "न्याय संकल्प पदयात्रा" निकाली। इस मार्च के कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, महात्मा गांधी के प्रपौत्र तुषार गांधी, अभिनेत्री स्वरा भास्कर समेत कई हस्तियां शामिल रही।

न्याय संकल्प पदयात्रा रविवार सुबह दक्षिण मुंबई में महात्मा गांधी के आवास मणि भवन से शुरू होकर अगस्त क्रांति मैदान तक पहुंची। इसी मैदान से सन 1942 में अंग्रेजों के शासन से भारत की आजादी के संघर्ष के दौरान 'भारत छोड़ो आंदोलन' शुरू हुआ था। विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन के कई सदस्य भी इस पदयात्रा में शामिल हुए।

इस दौरान अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने कहा, 'जिस हिंदुस्तान में हम पले-बढ़े हैं जिसमें किसी भी प्रकार भेदभाव नहीं है। हमें विभाजित करने का प्रयास हो रहा है, आज सत्ता में एक खास तरह की राजनीति है जो नफरत की राजनीति है। हमारे भगवानों का नाम लेकर नफरत फैलाई जा रही है, मैं एक हिंदू होने के नाते यह समझती हूं कि अगर आप भगवान का नाम लेकर कत्ल कर रहे हैं तो उससे बड़ा पाप कोई नहीं है।'

इससे पहले शनिवार को राहुल गांधी ने मध्य मुंबई में डॉ. भीमराव आंबेडकर के स्मारक 'चैत्यभूमि' पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करके और संविधान की प्रस्तावना पढ़कर अपनी 63 दिवसीय 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' का समापन किया था। यह यात्रा 14 जनवरी को संघर्षग्रस्त मणिपुर से शुरू हुई थी।