उमेश पाल हत्याकांड में दूसरा एनकाउंटर, कथित शूटर विजय चौधरी को प्रयागराज पुलिस ने मारी गोली

रिपोर्ट्स के मुताबिक इस हत्याकांड में आरोपी उस्मान चौधरी की प्रयागराज पुलिस के साथ कौंधियारा इलाके में मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस ने उसे मार गिराया।

Updated: Mar 06, 2023, 09:01 AM IST

प्रयागराज। उमेश पाल हत्याकांड में एक और एनकाउंटर की ख़बर आई है। एनकाउंटर में विजय उर्फ उस्मान चौधरी को प्रयागराज पुलिस ने मार गिराया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक  विजय चौधरी ने ही उमेश पाल को पहली गोली मारी थी।

बताया जा रहा है कि प्रयागराज के कौंधियारा इलाके के लालपुर में ये मुठभेड़ सुबह करीब 5 बजे हुई। इस दौरान दोनों तरफ से फायरिंग हुई। उस्मान की तरफ से की गई फायरिंग में एक सिपाही नरेंद्र भी जख्मी हो गया। जबकि जवाबी फायरिंग में उस्मान को गोली लगी। पुलिस यहां से घायल अवस्था में उसे लेकर एसआरएन हॉस्पिटल लेकर आई। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। विजय उर्फ उस्मान के सीने में दो गोली लगी है।

यह भी पढ़ें: घुटनों से रिस रहा खून, असहाय चेहरे पर दर्द की असंख्य रेखाएं, गुना में दिव्यांगजनों की स्वाभिमान यात्रा जारी

जानकारी के मुताबिक 24 फरवरी को उमेश पाल हत्याकांउ के वक्त उस्मान दुकान में छिपा हुआ था। जैसे ही उमेश पाल गाड़ी से उतरा, उसने फायरिंग कर दी थी। उमेश पर पहली गोली उस्मान ने ही चलाई थी, जिसके बाद उमेश जमीन पर गिर गया था। इसका पूरा सीसीटीवी फुटेज सामने आया था। पुलिस ने उस्मान पर 50 हजार का इनाम रखा था। उस्मान के बारे में बताया जाता है कि वह अतीक गैंग का शार्प शूटर था। 

इससे पहले पुलिस ने एक अन्य आरोपी अरबाज का एनकाउंटर किया था। एनकाउंटर में अरबाज घायल हो गया था और फिर उसकी मृत्यु हो गई थी। हत्याकांड में जिस क्रेटा गाड़ी का इस्तेमाल हुआ था, उसे अरबाज ही चला रहा था। अरबाज अतीक अहमद के बेटे का ड्राइवर बताया जाता है। आठ दिनों के भीतर पुलिस ने आज दूसरा एनकाउंटर किया है।

दरअसल, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा में ऐलान किया था कि माफिया को मिट्टी में मिला देंगे। इसके बाद पुलिस एनकाउंटर कर रही है। इस मामले में कई आरोपियों के घर पर बुलडोजर कार्रवाई भी हो चुकी है। बता दें कि 24 फरवरी को उमेश पाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उमेश पाल बसपा विधायक रहे राजू पाल हत्याकांड में मुख्य गवाह थे। इस हत्या का आरोप अतीक अहमद के बेटे पर लग रहा है।