सोनिया गांधी दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती, प्रियंका गांधी के साथ रूटीन चेकअप के लिए गईं थीं अस्पताल
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को गंगाराम अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जानकारी के मुताबिक सोनिया गांधी सांस संबंधी संक्रमण से जूझ रही हैं।

नई दिल्ली। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को बुधवार दिन में गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि रूटीन चेकअप के लिए उन्हें अस्पताल लाया गया है। इस दौरान उनकी बेटी प्रियंका गांधी भी उनके साथ मौजूद हैं।
जानकारी के मुताबिक सर्दी के मौसम में उनको थोड़ी तकलीफ महसूस हो रही है। सांस संबंधी संक्रमण से जूझ रही हैं। डॉक्टरों के सलाह पर उन्हें अस्पताल लाया गया। सोनिया गांधी का सर गंगाराम अस्पताल में पहले से इलाज भी चल रहा है। उत्तर प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा से फ्री होकर राहुल गांधी भी आज शाम दिल्ली आएंगे और मां सोनिया गांधी से मिलने सर गंगाराम अस्पताल जाएंगे।
यह भी पढ़ें: सभी धर्मांतरण अवैध नहीं, सुप्रीम कोर्ट से मध्य प्रदेश सरकार को झटका, हाईकोर्ट के आदेश पर रोक लगाने से इनकार
रिपोर्ट्स के मुताबिक सोनिया गांधी मंगलवार से अस्वस्थ हैं, यही वजह है कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा मंगलवार शाम उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने वाली भारत जोड़ो यात्रा में सात किलोमीटर पैदल चलकर दिल्ली लौट आए थे।
उत्तर प्रदेश के बागपत के मवीकलां में रात को रुकने के बाद कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा बुधवार सुबह छह बजे फिर शुरू हुई। हालांकि, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी सुबह यात्रा में राहुल गांधी के साथ शामिल नहीं हुईं।