Sonia Gandhi: इलाज के लिए राहुल गांधी के साथ अमेरिका रवाना

Sonia Gandhi Health: कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, बेटे राहुल गांधी के साथ अमेरिका रवाना, मंसूर सत्र में देर से होंगे उपस्थित

Updated: Sep 13, 2020, 09:49 PM IST

Photo Courtesy: Deccan Herald
Photo Courtesy: Deccan Herald

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी इलाज के लिए अमेरिका गई हैं। उनके साथ उनके बेटे और सांसद राहुल गांधी भी अमेरिका गए हैं। उपचार के लिए अमेरिका में होने के कारण वे संसद के मानसून सत्र के शुरुआती दिनों में अनुपस्थित रहेंगी। 

कांग्रेस महासचिव सुरजेवाला ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के अमेरिका जाने की जानकारी दी है। उन्होंने ट्वीट कर बताया कि अपना रूटीन चेक-अप करवाने के लिए सोनिया गांधी अमेरिका गई हैं। रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट किया है कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी आज रूटीन फोलोअप और मेडिकल चेकअप कराने के लिए रवाना हुई हैं। महामारी की वजह से उनकी यात्रा पहले स्थगित कर दी गई थी। उनके साथ राहुल गांधी भी गए हैं। उनकी चिंता करने के लिए और शुभकामनाएं देने के लिए हम सभी का शुक्रिया अदा करते हैं। 

बताया जा रहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी एक पखवाड़े में वापस लौट सकती हैं। इस यात्रा के कारण सोनिया गांधी और राहुल गांधी संसद के मानसून सत्र की अधिकांश कार्यवाही में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। संसद का मानसून सत्र 14 सितंबर से 1 अक्टूबर तक चलना है। 

ग़ौरतलब है कि सोनिया गांधी को 30 अगस्त को दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। उन्हें नियमित टेस्ट और जांच के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।सर गंगा राम अस्पताल प्रबंधन बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. डी.एस. राणा ने हेल्थ बुलेटिन जारी कर बताया था कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को 2 सितंबर की दोपहर 1 बजे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। डिस्चार्ज किए जाते समय उनकी हालत स्थिर थी।