मिजोरम में पत्थर की खदान धंसी, 8 मजदूरों के शव बरामद, चार अभी भी लापता

खदान में पिछले ढाई साल से खनन का काम जारी था, खदान में काम कर रहे सभी मजदूर बिहार के रहने वाले हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

Updated: Nov 15, 2022, 05:33 AM IST

मिजोरम के हनथियाल जिले में एक पत्थर की खदान धंसने के कारण आठ मजदूरों की मौत हो गई। यह घटना हनथियाल जिले के मौदढ़ इलाके में सोमवार दोपहर करीब तीन बजे हुई। बताया जा रहा है कि सभी मृतक बिहार के रहनेवाले हैं। SDRF, BSF और असम राइफल्स की टीमें मौके पर राहत और बचाव में जुटी हुईं हैं।

बताया जा रहा है कि यह पत्थर की एक बड़ी खदान है। खनन में लगे 12 मजदूर फंस गए थे। हादसा हनाठियाल जिले में हुआ है। अचानक हुए हादसे के कारण वहां मौजूद मजदूरों को भागने का मौका भी नहीं मिला। खबर मिलते ही आसपास के गांवों के लोग पहुंचे और फंसे लोगों को निकालने की कोशिश शुरू की। SDRF, BSF और असम राइफल्स की टीमें अभी तक राहत और बचाव में लगी हुईं हैं।

यह भी पढ़ें: वृंदावन में प्रज्ञा ठाकुर की गुंडागर्दी, धर्माचार्य की पत्नी पर किया हमला, सांसद का PSO और ड्राइवर गिरफ्तार

अधिकारियों ने बताया कि हनथियाल जिले के मौदढ़ में निजी कंपनी के कर्मचारी अपने लंच ब्रेक से लौटे ही थे कि पत्थर की खदान धंस गई। उत्खनन और ड्रिलिंग मशीनों के साथ कई श्रमिक खदान के नीचे दब गए।

रिपोर्ट्स के मुताबिक इस खदान का ठेका ABCI इंफ़्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड के पास है और यहां पिछले ढाई साल से खनन का काम जारी था। स्थानीय प्रशासन भी मौके पर मौजूद है और मजदूरों को खदान से निकालने का प्रयास जारी है।