सिर्फ कश्मीर फाइल्स ही नहीं, गुजरात फाइल्स के बारे में भी बात होनी चाहिए: सुशील कुमार शिंदे

पूर्व केंद्रीय मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने कहा है कि प्रधानमंत्री और अन्य बीजेपी नेता द कश्मीर फाइल्स का प्रचार कर रहे हैं, उन्हें द गुजरात फाइल्स के बारे में भी बात करनी चाहिए

Updated: Mar 26, 2022, 06:21 AM IST

Photo Courtesy: The Asian age
Photo Courtesy: The Asian age

पुणे। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व देश के पूर्व गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने द कश्मीर फाइल्स को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा है। शिंदे ने कहा है कि सिर्फ कश्मीर फाइल्स ही नहीं बल्कि गुजरात फाइल्स के बारे में भी बात होनी चाहिए। उन्होंने कहा है कि किसी भी घटनाक्रम को तोड़-मरोड़कर पेश करना गलत है।

शिंदे ने शुक्रवार को सोलापुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि, 'एक पत्रकार द्वारा गुजरात दंगों पर लिखी किताब का भी ‘द कश्मीर फाइल्स' जितना प्रचार किया जाना चाहिए। मैने विवेक अग्निहोत्री द्वारा लिखी और निर्देशित फिल्म नहीं देखी है, लेकिन कई लोग इसके बारे में बात कर रहे हैं। लेकिन कश्मीर फाइल्स से पहले पत्रकार राणा अयूब की किताब गुजरात फाइल्स भी है।'

यह भी पढ़ें: भोपाली यानी होमोसेक्सुअल, TKF के डायरेक्टर का शर्मनाक बयान, दिग्विजय सिंह ने बताया संगत का असर

पूर्व गृहमंत्री ने आगे कहा कि, 'प्रधानमंत्री और अन्य बीजेपी नेता द कश्मीर फाइल्स का प्रचार कर रहे हैं, उन्हें द गुजरात फाइल्स के बारे में भी बात करनी चाहिए। किसी भी घटनाक्रम को इस तरह से तोड़-मरोड़कर दिखाना गलत है। लोगों की भावनाओं को इस तरीके से भड़काने की कोशिश करना बीजेपी की पुरानी रणनीति है।'