INDIA गठबंधन में सभी दलों का स्वागत, जिन्हें संविधान पर भरोसा वो हमारे साथ आएं: मल्लिकार्जुन खड़गे
18वीं लोक सभा चुनाव का जनमत सीधे तौर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ख़िलाफ़ है। चुनाव उनके नाम और चेहरे पर लड़ा गया था और जनता ने भाजपा को बहुमत ना देकर उनके नेतृत्व के प्रति साफ़ संदेश दिया है: मल्लिकार्जुन खड़गे

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के नतीजे सामने आने के बाद अब नई सरकार की गठन को लेकर जद्दोजहद शुरू हो गई है। मंगलवार को राजधानी दिल्ली में NDA और INDIA गठबंधन की बैठकें हुई। इंडिया गठबंधन की बैठक के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि संविधान में भरोसा रखने वाले दलों का स्वागत है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इंडिया गठबंधन की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि, 'मैं INDIA गठबंधन के सभी साथियों का स्वागत करता हूँ। हम एक साथ लड़े, तालमेल से लड़े और पूरी ताक़त से लड़े। आप सबको बधाई! 18वीं लोक सभा चुनाव का जनमत सीधे तौर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ख़िलाफ़ है। चुनाव उनके नाम और चेहरे पर लड़ा गया था और जनता ने भाजपा को बहुमत ना देकर उनके नेतृत्व के प्रति साफ़ संदेश दिया है।'
खड़गे ने आगे कहा, 'व्यक्तिगत रूप से मोदीजी के लिये यह ना सिर्फ़ राजनैतिक शिकस्त है, बल्कि नैतिक हार भी है। परन्तु हम सब उनकी आदतों से वाक़िफ़ हैं। वो इस जनमत को नकारने की हर संभव कोशिश करेंगे। हम यहाँ से यह भी संदेश देते हैं कि INDIA गठबंधन उन सभी राजनीतिक दलों का स्वागत करता है जो भारत के संविधान के प्रस्तावना में अटूट विश्वास रखते है और इसके आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक न्याय के उद्देश्यों से प्रतिबद्ध है।'
इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, अखिलेश यादव, सीताराम येचुरी, तेजस्वी यादव, संजय सिंह, कल्पना सोरेन, डी राजा, उमर अब्दुल्ला, संजय राउत, अभिषेक बनर्जी व अन्य उपस्थित रहे।