उत्तरकाशी में मध्य प्रदेश के तीन पर्यटकों की मौत, गाड़ियों पर टूटकर गिरा था पर्वत शिला, 6 अन्य घायल

हादसा गंगोत्री नेशनल हाईवे पर गंगनानी के पास सोमवार शाम 7.30 बजे हुआ। टूरिस्ट्स दो अलग-अलग गाड़ियों में थे। दोनों गाड़ियां आगे-पीछे चल रही थीं।

Publish: Jul 11, 2023, 05:13 PM IST

इंदौर/भोपाल। उत्तराखंड के उत्तरकाशी में भारी बारिश और लैंडस्लाइड के बीच मध्य प्रदेश के 3 पर्यटकों की मौत हो गई। सोमवार रात दो वाहनों पर पहाड़ से टूटकर चट्‌टानें गिरने से यह हादसा हुआ। मृतकों में भोपाल की एक महिला और देवास-इंदौर के दो युवक शामिल हैं। हादसे में प्रदेश के 6 अन्य लोग घायल भी हुए हैं, इनमें 1 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसा गंगोत्री नेशनल हाईवे पर गंगनानी के पास सोमवार शाम 7.30 बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक पर्यटक दो अलग-अलग गाड़ियों में सवार थे। दोनों गाड़ियां आगे-पीछे चल रही थीं। गाड़ियां गंगोत्री धाम से उत्तरकाशी की ओर आ रही थीं। तहसील भटवाड़ी के पास लैंडस्लाइड हुआ। घायलों को भटवाड़ी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया। यहां से जिला जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि इन दो गाड़ियों के पीछे एक और लोकल स्विफ्ट कार थी। इसमें दो लोग सवार थे, जो बाल-बाल बचे। इंदौर कलेक्टर इलैया राजा टी ने इस हादसे के संबंध में उत्तरकाशी प्रशासन से बातचीत की है।

उत्तरकाशी हादसे में घायलों के परिजनों ने बताया कि इंदौर से करीब 16 लोग चारधाम यात्रा पर गए थे। सोमवार शाम उनके वाहनों- टवेरा और टेम्पो ट्रैवलर पर पहाड़ से पत्थर गिरे। उन्होंने कहा कि गाड़ियों में रजक समाज के चार परिवारों के लोग थे, जो 5 जुलाई को इंदौर से रवाना हुए थे। इनमें 6 पुरुष और बाकी महिलाएं व बच्चे शामिल हैं। सूचना मिली थी कि गाड़ी पर पत्थर गिरने से महिला पुष्पा बाई चौहान की मौत हो गई, बाकी लोग सुरक्षित हैं। सभी लोग 13 जुलाई को इंदौर के लिए वापस रवाना होंगे।