राष्ट्रपति भवन में हमें मूर्ति नहीं चाहिए, बीजेपी उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को लेकर बोले तेजस्वी यादव

राजद ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए संयुक्त विपक्षी उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को समर्थन देने की घोषणा की है, तेजस्वी से जब राष्ट्रपति चुनाव को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि हमने कभी उन्हें बोलते हुए नहीं सुना है और मुझे नहीं लगता है कि आप लोगों ने भी सुना होगा

Updated: Jul 17, 2022, 09:24 AM IST

पटना। लालू प्रसाद यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल ने पहले ही राष्ट्रपति चुनाव को लेकर अपना स्टैंड क्लियर कर दिया था कि वह एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का समर्थन नहीं करेगी। इसी बीच तेजस्वी यादव ने एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू पर निशाना साधा है। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी ने कहा कि राष्ट्रपति भवन में हमें राष्ट्रपति बैठाना है ना कि कोई मूर्ति।

तेजस्वी यादव एक कार्यक्रम में शामिल होने शिवहर पहुंचे थे। यहां पत्रकारों के द्वारा तेजस्वी से जब राष्ट्रपति चुनाव को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, 'हमें राष्ट्रपति भवन में कोई मूर्ति नहीं चाहिए, हम राष्ट्रपति चुन रहे हैं। आपने यशवंत सिन्हा को हमेशा सुना होगा, लेकिन हमने कभी सत्ताधारी दल के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार की आवाज नहीं सुनी। द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए एनडीए उम्मीदवार के रूप में चुने जाने के बाद एक भी प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं की है।'

राजद ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए संयुक्त विपक्षी उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को समर्थन देने की घोषणा की है। बिहार में वाम दलों और कांग्रेस ने भी उन्हें अपना समर्थन दिया है। हालांकि, राजद के सहयोगी झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने कहा कि वह मुर्मू का समर्थन करेगी। इससे पहले झारखंड के पूर्व कांग्रेस सांसद अजय कुमार ने उन मुर्मू पर निशाना साधा था। उन्होंने कथित रूप से कहा था कि द्रौपदी का व्यक्तित्व शानदार है, लेकिन वह ‘बुराई की विचाराधारा' का प्रतिनिधित्व करती हैं और उन्हें आदिवासियों का प्रतीक नहीं मानना चाहिये।