वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, टीम इंडिया में चुने जाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने
BCCI ने आयरलैंड, इंग्लैंड और एशियन गेम्स के लिए टी20 टीम का ऐलान कर दिया है। 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़कर टीम में ऐतिहासिक एंट्री मारी है।
भारतीय क्रिकेट में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है। मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर की अध्यक्षता वाली चयन समिति ने आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के साथ-साथ जापान में होने वाले एशियन गेम्स के लिए भारतीय टी20 टीम का ऐलान कर दिया है। सबसे ज्यादा चर्चा 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के चयन की हो रही है। उन्होंने भारतीय टीम में जगह बनाकर इतिहास रच दिया है। वहीं, श्रेयस अय्यर को टी20 टीम की कप्तानी सौंपी गई है। जबकि, सूर्यकुमार यादव को खराब फॉर्म के कारण टीम और कप्तानी दोनों से बाहर कर दिया गया है।
महज 15 साल 71 दिन की उम्र में टीम इंडिया में चुने गए वैभव सूर्यवंशी अब भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे कम उम्र में राष्ट्रीय टीम के लिए चुने जाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने महिला और पुरुष क्रिकेट दोनों को मिलाकर शेफाली वर्मा का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इससे पहले शेफाली 15 साल 220 दिन की उम्र में पहली बार भारतीय टीम के लिए चुनी गई थी। जबकि, पुरुष क्रिकेट में यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम था जिन्हें 16 साल 194 दिन की उम्र में टीम इंडिया में मौका मिला था।
यह भी पढ़ें:नॉर्वे चेस जीतने वाले पहले भारतीय बने प्रज्ञानंद, वर्ल्ड नंबर वन कार्लसन को हराया
यदि वैभव को आयरलैंड, इंग्लैंड दौरे या एशियन गेम्स के दौरान एक भी मैच खेलने का अवसर मिलता है तो वे भारत के लिए सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ी भी बन जाएंगे। फिलहाल सबसे कम उम्र में डेब्यू करने का रिकॉर्ड शेफाली वर्मा और पुरुष क्रिकेट में सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज है।
वैभव सूर्यवंशी पिछले कुछ महीनों में भारतीय क्रिकेट का सबसे चर्चित नाम बनकर उभरे हैं। आईपीएल 2026 में उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा 776 रन बनाए और ऑरेंज कैप अपने नाम की थी। इस दौरान उन्होंने मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर, इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द ईयर, सुपर स्ट्राइकर और सर्वाधिक छक्के लगाने जैसे कई पुरस्कार भी जीते थे। टूर्नामेंट में उन्होंने सिर्फ 36 गेंदों में शतक जड़कर रिकॉर्ड बनाया था। जबकि, तीन बार नर्वस नाइन्टीज का शिकार होकर 90 से 100 रन के बीच आउट भी हो गए थे।
यह भी पढ़ें:CG: पानी के लिए ग्रामीणों का अनोखा प्रदर्शन, अधिकारियों की उतारी आरती
टीम इंडिया में चयन के साथ ही वैभव का क्रेज देश की सीमाओं से बाहर भी दिखाई देने लगा है। भारत ए टीम के साथ श्रीलंका पहुंचने पर एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रशंसक उनके साथ तस्वीरें लेने के लिए उत्साहित नजर आए थे। आईपीएल में धमाकेदार प्रदर्शन के बाद अब उनसे श्रीलंका में होने वाली ट्राई वनडे सीरीज में भी बड़ी उम्मीदें हैं।
भारत ए टीम इस सीरीज में 9 जून से अभियान शुरू करेगी। तिलक वर्मा की कप्तानी वाली टीम का पहला मुकाबला मेजबान श्रीलंका ए से होगा। इसके बाद भारतीय टीम 11 जून को अफगानिस्तान ए, 15 जून को फिर श्रीलंका ए और 17 जून को अफगानिस्तान ए के खिलाफ खेलेगी। इस टूर्नामेंट में प्रत्येक टीम एक-दूसरे के खिलाफ दो-दो मुकाबले खेलेगी।
दूसरी ओर चयनकर्ताओं ने टी20 टीम की कमान श्रेयस अय्यर को सौंपकर नया नेतृत्व चुना है। वहीं, तिलक वर्मा को उपकप्तान बनाया गया है। श्रेयस की करीब ढाई साल बाद भारतीय टी20 टीम में वापसी हुई है। उन्होंने भारत के लिए अपना आखिरी टी20 मुकाबला दिसंबर 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। इसके बाद जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के दौरान वे टीम में तो शामिल हुए लेकिन अंतिम एकादश में जगह नहीं बना सके थे।
यह भी पढ़ें:MP: फर्जी डिग्री के सहारे बने सरकारी डॉक्टर, 5 महीने तक NHM में करते रहे काम, 9 आरोपियों पर FIR दर्ज
श्रेयस अय्यर का हालिया प्रदर्शन उनके पक्ष में गया है। आईपीएल 2026 में उन्होंने पंजाब किंग्स के लिए 168.81 के स्ट्राइक रेट से 498 रन बनाए और अपने आईपीएल करियर का पहला शतक भी जड़ा था। इससे पहले वे पंजाब किंग्स को 2025 में फाइनल तक पहुंचा चुके हैं। जबकि, साल 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स को चैंपियन बनाने में भी अहम भूमिका निभाई थी।
वहीं, सूर्यकुमार यादव को हालिया खराब फॉर्म का खामियाजा भुगतना पड़ा है। टी20 विश्व कप 2026 में उन्होंने नौ पारियों में 242 रन बनाए थे। जबकि, आईपीएल 2026 में 13 मैचों में केवल 270 रन ही बना सके थे। पूरे सीजन में वे सिर्फ दो अर्धशतक लगाने में सफल रहे थे। चयनकर्ताओं ने इसी प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें कप्तानी और टीम दोनों से बाहर रखने का फैसला किया है।
हालांकि, सूर्यकुमार यादव का कप्तानी रिकॉर्ड बेहद प्रभावशाली रहा है। रोहित शर्मा के टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद उन्हें टीम की कमान सौंपी गई थी। उनकी कप्तानी में भारत ने 2025 एशिया कप और 2026 टी20 विश्व कप जीता था। सूर्या की अगुआई में भारत ने कुल 52 टी20 मैच खेले जिनमें 42 में जीत हासिल की थी। उनका जीत प्रतिशत 80.76 रहा जो भारतीय क्रिकेट के सफलतम कप्तानी रिकॉर्ड में गिना जाता है।
यह भी पढ़ें:इंदौर में ईवी शोरूम में लगी भीषण आग, ब्लिडिंग में फंसे 20 लोगों को किया गया रेस्क्यू
आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए घोषित भारतीय टी20 टीम में श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, वरुण चक्रवर्ती, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और प्रिंस यादव को जगह दी गई है।
वहीं, एशियन गेम्स के लिए चुनी गई टीम में श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा और अर्शदीप सिंह शामिल हैं।




