स्वदेश लौटने पर आईपीएल के ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को हो सकती है पांच साल की जेल

3 मई से ऑस्ट्रेलियाई सरकार लगाने वाली है नए प्रतिबंध, स्वदेश लौटने वाले नागरिकों पर लगाएगी 66 हज़ार डॉलर का जुर्माना, हो सकती है पांच साल की सज़ा

Updated: May 02, 2021, 03:32 AM IST

Photo Courtesy: CricketCountry
Photo Courtesy: CricketCountry

नई दिल्ली। भारत से स्वदेश लौटना आईपीएल खेल रहे ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को अब महंगा पड़ सकता है। क्योंकि ऑस्ट्रेलियाई सरकार भारत से लौट कर ऑस्ट्रेलिया पहुंचने वाले लोगों का भरपूर स्वागत करने की तैयारी कर रही है। जल्द ही ऑस्ट्रेलियाई सरकार भारत से ऑस्ट्रेलिया आने वाले लोगों पर नए प्रतिबंध लगाने वाली है। ऑस्ट्रेलियन मीडिया के मुताबिक अगर अब कोई ऑस्ट्रेलियाई नागरिक भारत से अपने देश लौटता है तो ऑस्ट्रेलियाई सरकार उसे पांच साल तक की सज़ा सुना सकती है। 

दरअसल भारत में कारोना की दूसरी लहर अपने उफान पर है। ऐसे में ऑस्ट्रेलियाई सरकार भारत से स्वदेश लौटने वाले नागरिकों पर रोक लगाने की पूरी तैयारी कर रही है। पहले ही भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 15 मई तक विमान सेवाएं प्रतिबंधित हैं। लेकिन 3 मई से ऑस्ट्रेलियाई सरकार और कड़ाई बरतने वाली है। अब जो भी ऑस्ट्रेलियाई नागरिक भारत से आएगा उसे पांच साल तक की सज़ा और 66 हज़ार डॉलर का जुर्माना भरना पड़ सकता है। 

ऑस्ट्रेलियाई सरकार के इस नियम से सबसे ज़्यादा मुश्किल आईपीएल का हिस्सा ऑस्ट्रेलिया के क्रिकेटरों और पूर्व क्रिकेटरों को होने वाली है। क्योंकि इस समय डेविड वार्नर, मैक्सवेल, पैट कमिंस, स्टीव स्मिथ सहित 14 खिलाड़ी आईपीएल में खेल रहे हैं। वहीं रिकी पोंटिंग, सायमन कैटिच मेंटर्स के तौर पर जुड़े हुए हैं। मैथ्यू हेडन और ब्रेट ली जैसे पूर्व क्रिकेटर भी कमेंट्री पैनल से जुड़े हुए हैं।