IPL 2020: दुबई में आज आमने सामने होंगे मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर

MI VS RCB: दुबई में आज मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच मुकाबला खेला जाना है, विराट कोहली और रोहित शर्मा के बीच देखने वाला होगा मुकाबला

Updated: Sep 29, 2020, 03:39 PM IST

Photo Courtesy : Indianexpress.com
Photo Courtesy : Indianexpress.com

नई दिल्ली। आईपीएल के तेरहवें संस्करण में आज पहली बार मैदान में कप्तान और उपकप्तान आमने सामने होंगे। दुबई के मैदान में मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच आईपीएल का दसवां मुकाबला खेला जाएगा। भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली और उपकप्तान रोहित शर्मा आज अपनी अपनी टीमों का प्रतिनिधित्व करते नज़र आएंगे। 

मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर दोनों ही टीमें आज हर हाल में जीतना चाहेंगी। दोनों ही टीमों ने इस सीज़न खेले दो मैचों में से एक जीता है तो वहीं एक मैच में हार का सामना करना पड़ा है। हालांकि मुंबई इंडियंस का नेट रन रेट रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से काफी बेहतर है।

दोनों ही टीमों के कप्तानों पर आज फैंस की नज़रें टिकी रहेंगी। रोहित शर्मा और विराट कोहली दोनों ही अपनी टीमों की बल्लेबाज़ी की रीढ़ की हड्डी हैं। टीम का मैच जीतने के लिए दोनों ही बल्लेबाजों का चलना बेहद ज़रूरी हो जाता है। 

रोहित शर्मा ने केकेआर के खिलाफ खेले पिछले मैच में अच्छी बल्लेबाज़ी की थी लेकिन विराट कोहली का बल्ला अब तक नहीं बोल पाया है। जो कि बैंगलोर की टीम के लिए एक चिन्ता का सबब बना हुआ है। ऐसे में विराट कोहली हर हाल में अपनी फॉर्म अच्छी कर, बैंगलोर को जीत दिलाने चाहेंगे। तो वहीं दूसरी तरफ मुंबई इंडियंस की गेंदबाज़ी हर हाल में विराट कोहली को रोकना चाहेगी। लिहाज़ा दोनों ही टीमों के बीच रोचक मुकाबला होने की काफी संभावना है।