टोक्यो पैरालिम्पिक में भाविना, निषाद और विनोद ने जीता मेडल, खेल दिवस पर भारत को तोहफ़ा

टेबल टेनिस में भाविना को, हाई जम्प में निषाद कुमार को मिला सिल्वर मेडल,  डिस्कस थ्रो में विनोद कुमार को मिला ब्रॉन्ज, पैरालिम्पिक में यह पहला मौका है जब देश ने एक ही दिन में तीन मेडल जीते

Updated: Aug 29, 2021, 02:54 PM IST

photo courtesy: Navbharat times

नई दिल्ली। टोक्यो पैरालिम्पिक 2020 में रविवार को भारत की झोली में तीन मेडल आए। सबसे पहले भारत की भाविनाबेन पटेल ने महिलाओं की एकल टेबल टेनिस क्लास 4 स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीता। हालांकि शनिवार को भाविना के फाइनल में प्रवेश करते ही उनसे मेडल की उम्मीद पक्की हो गई थी।  रविवार को फाइनल मुकाबले में भाविना झाउ यिंग से 3-0 से पराजित हो गईं और उन्हें सिल्वर मेडल मिला। झाउ इससे पहले दो बार गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं। पैरालिम्पिक में आज भारत का ये पहला मेडल था। भाविना  पैरालिम्पिक में पदक जीतने वाली दूसरी भारतीय महिला खिलाड़ी हैं। गुजरात के मेहसाणा जिले की रहने वाली भाविना पटेल के  टोक्यो पैरालिम्पिक में रजत पदक जीतने पर गुजरात सरकार ने उन्हें 3 करोड़ रुपए का इनाम देने की घोषणा की है। 

इसके बाद पैरा एथिलीट निषाद कुमार ने पुरुषों के हाई जम्प मुकाबले में सिल्वर मेडल जीता। इस स्पर्धा का गोल्ड मेडल अमेरिका के रोड्रिक टोनसेन्ड ने जीता। अमेरिका के डलास वाइज और भारत के निषाद कुमार ने सयुंक्त रूप से सिल्वर मेडल जीता। वाइज और निषाद का सर्वश्रेष्ठ जम्प 2.06 मीटर रहा। निषाद कुमार हिमाचल प्रदेश के एक छोटे से गांव के रहने वाले हैं। वर्ष 2019 में निषाद ने दुबई में हुई वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स ग्रांड की हाई जम्प स्पर्धा में 2.05 मीटर जम्प लगाकर गोल्ड मेडल जीता था। इसके बाद निषाद ने दुबई में ही फरवरी 2021 में अपने प्रदर्शन में सुधार करते हुए 2.06 मीटर जम्प लगाकर नया रिकॉर्ड अपने नाम किया था।

भारत को तीसरा मेडल डिसकस थ्रो में विनोद कुमार ने दिलाया है। विनोद कुमार ने डिसकस थ्रो के एफ 52 केटेगरी में 19.98 मीटर के थ्रो के साथ एशियाई रिकॉर्ड अपने नाम किया और देश के लिए ब्रॉन्ज मेडल जीता। इस स्पर्धा का गोल्ड मेडल पोलैंड के खिलाड़ी कोसेविच ने जीता। पैरालिम्पिक में यह पहला मौका है जब देश ने एक ही दिन में तीन मेडल जीते हैं।

टोक्यो पैरोलिम्पिक में भारतीय खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की देश में लोग खूब प्रशंसा कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट करके देश के लिए मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को बधाई दी है।