अमित जोगी ने प्रधानमंत्री से की बस्तर कलेक्टर की शिकायत, धूर्त और घमंडी बताते हुए निष्कासन की मांग

जेसीसीजे प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी ने बस्तर कलेक्टर पर लगाया भ्रष्टाचार का आरोप कहा, नियम विरुद्ध करीबियों को दे रहे निर्माण कार्यो का ठेका, जनप्रतिनिधियों की अनदेखी और विपक्षी नेताओं का फोन नहीं उठाने से है नाराजगी

Publish: Jun 08, 2021, 10:18 AM IST

Photo courtesy: etv bharat
Photo courtesy: etv bharat

रायपुर। छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी इनदिनों बस्तर कलेक्टर रजत बंसल से खासे नाराज चल रहे हैं। उन्होंने कलेक्टर को धूर्त और घमंडी कहा है। अमित जोगी ने किसी काम से रजत बंसल को फोन किया था, लेकिन कलेक्टर किसी वजह से उनका फोन नहीं उठा सके। जिससे जेसीसीजे नेता में नाराजगी है।

अमित जोगी का कहना है कि बस्तर कलेक्टर विपक्षी दलों के नेताओं के फ़ोन नहीं उठाते हैं, उनमें शिष्टाचार बाकी नहीं है। अमित जोगी का आरोप है कि कलेक्टर जनता की वाजिब समस्याओं का निराकरण नहीं करते हैं। अब छत्तीसगढ़ में नेता और नौकरशाह की लड़ाई सार्वजनिक हो गई है। मामला दिल्ली तक पहुंच गया है। अमित जोगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बस्तर कलेक्टर रजत बंसल की शिकायत की है। अमित ने ट्वीटर पर चिट्ठी सार्वजनिक भी की है। जिसमें अमित जोगी ने कलेक्टर के व्यवहार का जिक्र किया है।

 

अमित जोगी ने कलेक्टर पर भ्रष्टाचार का आरोप भी लगाया है। उनका आरोप है कि बस्तर में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, DMF फंड और लोक निर्माण विभाग के कामों का ठेका नियमों को तोड़ते हुए अपने करीबियों को दे रहे हैं। इतना ही नहीं उन्होंने लिखा है कि ऐसे धूर्त और घमंडी अधिकारियों को तत्काल निष्कासित कर देना चाहिए।

दरअसल पिछले दिनों बस्तर में जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के कुछ कार्यकर्ताओं के खिलाफ कोरोना नियमों के उल्लंघन का केस दर्ज किया गया था। जिसके बाद अमित जोगी ने कलेक्टर को फोन किया था। बस्तर की गड़बड़ियों को उजागर करते हुए उनके और बस्तर कलेक्टर के बीच जारी खींचतान अब वायरल हो रही है।