छत्तीसगढ़ कैबिनेट में बड़ा बदलाव, मोहन मरकाम को आदिम जाति विकास तो टी एस सिंहदेव को मिली ऊर्जा विभाग की जिम्मेदारी

 राज्य के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू को लोक निर्माण समेत कई विभाग दिए गए हैं।

Publish: Jul 15, 2023, 07:27 PM IST

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्रियों के प्रभार में बड़ा फेरबदल हुआ है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने मंत्रिमंडल के मंत्रियों के विभागों में बंटवारा कर दिया है। मोहन मरकाम को मंत्रिमंडल में जगह मिली है उन्हें आदिम जाति अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग की ज़िम्मेदारी दी गई है। उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव को ऊर्जा लोक स्वास्थ्य और यांत्रिकी चिकित्सा शिक्षा एवं बीस सूत्रीय क्रियान्वयन और वाणिज्यकर (जीएसटी) विभाग मिला है। राज्य के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू को लोक निर्माण समेत कई विभाग दिए गए हैं।

रविंद्र चौबे को कृषि मंत्री की जिम्मेदारी से मुक्त कर उनको स्कूल शिक्षा और सहकारिता का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इसके अलावा पहले से पंचायत एवं ग्रामीण विकास, संसदीय कार्य, पशुधन विकास, मछली पालन, जल संसाधन, और आयाकट विभाग की जिम्मेदारी है। प्रेम साय सिंह टेकाम के इस्तीफे के बाद नए कैबिनेट मंत्री बने मोहन मरकाम को ST-SC, OBC और अल्पसंख्यक विभाग का मंत्री बनाया गया है।

गौरतलब है कि 12 जुलाई को भूपेश कैबिनेट की बैठक हुई। कैबिनेट बैठक के ठीक बाद विधायक दल की भी बैठक हुई थी। इसके बाद छत्तीसगढ़ के संगठन और सत्ता में बदलाव का दौर शुरू हो गया है। पहले लोकसभा सांसद दीपक बैज को कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। चार साल प्रदेश अध्यक्ष रहे मोहन मरकाम मंत्री बनाया गया है। इसके लिए प्रेमसाय सिंह टेकाम को कैबिनेट से बाहर निकाला गया है। इसके बाद अब शुक्रवार को मोहन मरकाम ने मंत्री पद की शपथ ली है और शुक्रवार रात तक 4 मंत्रियों के विभागों का बटवारा हुआ है।