महाराज को माला पहनाते-पहनाते जिंदगी निकल गई, खाद नहीं मिल रही, गुना में सिंधिया पर भड़के किसान

किसान ने सिंधिया से अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि महाराज, जिंदगी हो गई माला पहनते-पहनाते, लेकिन खाद नहीं मिल पा रहा है। इसपर सिंधिया ने कलेक्टर को खाद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

Updated: Sep 17, 2026, 06:37 PM IST

गुना। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया बुधवार से चार दिवसीय गुना दौरे पर हैं। गुरुवार को उन्होंने पगारा समेत आसपास के गांवों से किसानों से मुलाकात की। इस दौरान सिंधिया के लिए स्थिति तब असहज हो गई जब एक किसान ने कहा कि महाराज को माला पहनाते-पहनाते जिंदगी निकल गई, लेकिन खाद नहीं मिल रही।

दरअसल, जिले के किसान ऑनलाइन बुकिंग में परेशानी और टोकन जल्दी खत्म होने को लेकर नाराज हैं। तमाम शिकायतों के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। इन सबके बीच केंद्रीय मंत्री सिंधिया उनसे मुलाकात करने गुना पहुंच गए। ऐसे में किसानों से भी रहा नहीं गया और उन्होंने सिंधिया के सामने ही कहा कि माला पहनाते-पहनाते जिंदगी निकल गई।

किसान की बात सुनने के बाद सिंधिया ने कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल से किसानों के नाम और मोबाइल नंबर नोट करने को कहा। सिंधिया ने कलेक्टर से कहा कि किसानों के नाम और नंबर नोट करिए। कलेक्टर ने जब कहा, “ठीक है”, तो सिंधिया ने दोबारा कहा, “ठीक है नहीं, नोट करिए। पेन और पैड निकालिए और नोट करिए। मेरे साथ ड्यूटी पर हैं। मैं हर एक चीज नोट करता हूं, तो आप भी करिए।”

बता दें कि सिंधिया का 16 से 19 सितंबर तक गुना जिले का दौरा तय है। इस दौरान वे विकास कार्यों के लोकार्पण, जनसंपर्क, हितग्राही संवाद और सेवा संकल्प अभियान से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल हो रहे हैं।