Corona update: रिकवरी रेट में पिछड़ा छत्तीसगढ़

Corona in CG: बढ़ते कोरोना मरीजों के बीच प्रदेश का रिकवरी रेट घटा, अब तक कुल 45,263 कोविड संक्रमित मरीजों में से केवल 21,198 मरीज स्वस्थ्य हुए

Updated: Sep 08, 2020, 03:24 AM IST

Photo Courtesy: Aaj tak
Photo Courtesy: Aaj tak

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमण का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। वहीं छत्तीसगढ़ का रिकवरी रेट लगातार कम हो रहा है। जो कि देश के सबसे खराब प्रदर्शन वाले राज्यों में दूसरे पायदान पर पहुंच चुका है। अब तक छत्तीसगढ़ में कुल 45,263 कोविड 19 संक्रमित मरीजों में से केवल 21,198 मरीज स्वस्थ्य हुए हैं। प्रदेश का रिकवरी रेट 53.2 फीसदी है। गौरतलब है कि आंध्रप्रदेश का रिकवरी रेट 76.4 फीसदी, मध्यप्रदेश का 76.3 फीसदी, ओडिशा का 75. 8 फीसदी, और महाराष्ट्र का 72. 3 फीसदी है। वहीं छत्तीसगढ़ का रिकवरी रेट 53.2 फीसदी है। 

एक दिन में प्रदेश में ज्यादा 24 मरीजों की मौत

बीते 24 घंटे में 2100 नए संक्रमित मरीज मिले हैं। प्रदेश में एक दिन में सबसे 24 ज्यादा मौते रविवार को हुई हैं। फिलहाल राज्य में कोरोना एक्टिव मरीजों की संख्या 23685 है।प्रदेश में कुल 380 मरीज कोरोना से जंग हार चुके हैं।बीते 24 घंटे में रायपुर में 711, बिलासपुर में 203, राजनांदगांव में 182, रायगढ़ में 167, महासमुंद में 125, दुर्ग में 109, बस्तर में 86, जांजगीर-चांपा में 64, बलौदाबाजार में 53, दंतेवाड़ा में 48, बालोद में 41, कांकेर में 35, सुकमा में 31, सूरजपुर में 28, सरगुजा और कोण्डागांव में 26-26, कोरबा में 25 मरीज मिले हैं। बीते एक महीने में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 31 जुलाई तक जहां कुल 9191 संक्रमित मरीज थे। वहीं एक महीने बाद 31 अगस्त तक संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 31502  हो गया। वहीं सितंबर महीने के 6 दिनों में भी मरीज बढ़े हैं। 

 छत्तीसगढ़ का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव रेट 5.4% फीसदी

 गौरतलब है कि राज्य में पिछले 10 दिनों से 6 फीसदी से ज्यादा की रफ्तार से कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। 10 लाख की आबादी में 1097 कोरोना संक्रमित मरीज पाए गए हैं। राष्ट्रीय स्तर पर यह संख्या 2801 है। छत्तीसगढ़ में हर 10 लाख की आबादी पर केवल 20,280 कोरोना जांच हो रही है। छत्तीसगढ़ का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव रेट 5.4% फीसदी है, यह पॉजिटिविटी रेट राष्ट्रीय औसत का 8.6 फीसदी है।

रायपुर में मिल रहे सबसे ज्यादा मरीज

रायपुर में सबसे ज्यादा कोरोना केस मिले हैं। राजधानी में कुल 16,212 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इनमें 9574 कोरोना एक्टिव केस हैं। शहर में 200 मरीजों के कोरोना की वजह से दम तोड़ा है। रायपुर में कोरोना से ठीक होने वालों का आंकड़ा 6438 है। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा है कि लॉकडाउन खुलने के बाद कोरोना संक्रमण बढ़ा है। कंटेनमेंट जोन और जहां ज्यादा मरीज मिले, वहां टेस्टिंग बढ़ाई गई। इसके चलते पॉजिटिव की संख्या बढ़ी है।   

गरियाबंद का कलेक्ट्रेट 72 घंटे के लिए सील

गरियाबंद में कलेक्ट्रेट ऑफिस को आगामी 72 घंटे के लिए बंद करने का फैसला लिया गया है। जिला कलेक्टर छतर सिंह डेहरे ने सोमवाक को इसके आदेश जारी कर दिए हैं। कलेक्ट्रेट कर्मचारियों के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद यह निर्णय लिया गया है। गौरतलब है कि कलेक्ट्रेट में 5 सितंबर को 8 अधिकारी-कर्मचारी कोविड 19 संक्रमित मिले थे। एक साथ 8 लोगों के संक्रमित होने के बाद कलेक्ट्रेट में हड़कंप मच गया था। एहतियात के तौर पर कलेक्ट्रेट के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी अपने कोरोना टेस्ट करवाया है।