CG: रमन सिंह सर्वसम्मति से चुने गए विधानसभा के अध्यक्ष, CM और नेता प्रतिपक्ष उन्हें आसंदी तक लेकर पहुंचे

कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह से कहा हम दोनों की भूमिकाएं बदल गई हिसाब किताब बराबर हो गया। बहुत ही लंबी राजनीतिक यात्रा आपकी रही।

Updated: Dec 19, 2023, 06:15 PM IST

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह को छत्तीसगढ़ विधानसभा का अध्यक्ष चुना गया है। नवनिर्वाचित सदन का पहला सत्र मंगलवार को शुरू हुआ और इस दौरान सर्वसम्मति से रमन सिंह को अध्यक्ष चुना गया। विपक्ष के नेता चरणदास महंत खुद उनके प्रस्तावक रहे और पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने भी इस प्रस्ताव का समर्थन किया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत, बृजमोहन अग्रवाल, अजय चंद्राकर और केदार कश्यप ने रमन सिंह को विधानसभा अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव रखा था। डिप्टी सीएम अरुण साव, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पुन्नुलाल मोहले, डिप्टी सीएम विजय शर्मा और विधायक भावना बोहरा ने उनका समर्थन किया। प्रोटेम स्पीकर रामविचार नेताम ने उनके निर्विरोध निर्वाचित होने की सदन में घोषणा की। 

प्रोटेम स्पीकर के अनुरोध पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने मिलकर सिंह को अध्यक्ष की आसंदी तक लेकर गए। इसके बाद सीएम विष्णु देव साय , प्रोटेम स्पीकर नेताम, चरणदास महंत, भूपेश बघेल समेत सभी दिग्गज नेताओं ने रमन सिंह को बधाई और शुभकामनाएं दी। सभी ने उनके 15 साल के शासनकाल, कुशल नेतृत्व और सादगी की प्रशंसा भी की।

पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह से कहा हम दोनों की भूमिकाएं बदल गई हिसाब किताब बराबर हो गया। बहुत ही लंबी राजनीतिक यात्रा आपकी रही। लोकसभा सदस्य राज्यमंत्री और छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री के रूप में आपका कार्यकाल रहा। बहुत सारी परंपराएं सदन की रहीं और बहुत सारी नई परंपराएं स्थापित इस सदन ने किया, जिसमें आपका बड़ा योगदान रहा।

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत ने नए विस अध्यक्ष रमन सिंह के लिए कहा- हम सब आपके स्वभाव को जानते हैं। आप एक बेहतर इंसान हैं। छत्तीसगढ़ की आपने 15 साल तक सेवा की है। ये हम सबने देखा है। आपको छत्तीसगढ़ के लोगों के बीच आपका प्रभाव प्रशंसनीय रहा है, मैं आपके उज्जवल भविष्य की कामना करता हूं।