मध्य प्रदेश में नशे की जगह नहीं होगी, गृहमंत्री शाह ने दिसंबर 2029 तक MP को नशामुक्त करने का वादा किया

केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने भोपाल में कहा कि हम मध्य प्रदेश को नशा मुक्त बनाना चाहते हैं। इस संबंध में मेरी एक मीटिंग मुख्यमंत्री और गृह विभाग के साथ है।

Updated: Oct 03, 2026, 05:39 PM IST

भोपाल। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 2029 तक मध्य प्रदेश को नशा मुक्त करने का ऐलान किया है। उन्होंने शनिवार को भोपाल में कहा कि हम मध्य प्रदेश को 31 दिसंबर 2029 तक नशामुक्त करेंगे। शाह ने बताया कि इस संबंध में वे मुख्यमंत्री मोहन यादव और गृह विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।

भोपाल में गोपालकों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि आज मैं मध्य प्रदेश के अभिभावकों, विशेष कर माताओं से कहने आया हूं आपके बेटे-बेटी के लिए नशे की जगह नहीं होगी, उनका उज्ज्वल भविष्य होने वाला है। मध्य प्रदेश 31 दिसंबर 2029 के पहले नारकोटिक्स से मुक्त हो जाए, इस प्रकार की बारीक प्लानिंग आज करना चाहते हैं।

हालांकि, गृहमंत्री शाह ने यह स्पष्ट नहीं किया कि राज्य में शराब बंदी भी लागू होगी या सिर्फ नारकोटिक्स के विरुद्ध ही एक्शन लिया जाएगा। एनसीआरबी के आंकड़ों के मुताबिक, मध्य प्रदेश में साल 2015 से 2024 के बीच एनडीपीएस के 28,178 केस दर्ज किए गए। साल 2015 में महज 591 केस थे, जो 2024 में बढ़कर 4,351 हो गए। जबकि साल 2022 में सबसे ज्यादा 4,811 मामले दर्ज हुए थे।

गृहमंत्री शाह ने इस दौरान विपक्षी दल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के लोग हमारा विरोध करते हैं। मैं आज उनको हिसाब देने आया हूं। कांग्रेस की सरकारों ने 75 साल में देश में दूध का कुल उत्पादन 14 करोड़ 7 लाख टन पहुंचाया था। मोदी जी ने 10 साल में 25 करोड़ तक पहुंचाने का काम किया है। ये इसलिए होता है कि भाजपा की केंद्र और राज्य सरकारें लगन से काम कर रही हैं।

शाह ने दावा किया कि वर्ष 2014-15 में प्रति व्यक्ति दूध उत्पादन महज 307 ग्राम था, जो अब 58 प्रतिशत बढ़कर 485 ग्राम पर पहुंच गया है। उन्होंने कहा  हमारा देश दुनियाभर में सबसे ज्यादा दूध उत्पादन करने वाला देश बना है। इसमें पहले 5 राज्य- उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र बीजेपी शासित ही हैं।