सुकमा में CRPF जवान ने साथियों पर की फायरिंग, 4 जवानों की मौत, 3 गंभीर रूप से घायल

छत्तीसगढ़ के सुकमा में ड्यूटी पर तैनात एक सीआरपीएफ जवान ने अपनी सर्विस बंदूक से की ताबड़तोड़ फायरिंग, 4 जवानों की मौत, 3 की हालत गंभीर

Updated: Nov 07, 2021, 10:45 PM IST

Photo Courtesy: NDTV
Photo Courtesy: NDTV

सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा में ड्यूटी पर तैनात एक सीआरपीएफ जवान ने अपने ही साथियों पर गोलियां चला दी। प्राप्त जानकारी के मुताबिक गोलीबारी की इस घटना में चार जवानों की मौत हो गई। साथ ही 3 अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हैं। सुकमा एसपी सुनील शर्मा ने इस घटना की पुष्टि की है।

मामला नक्सल प्रभावित सुकमा जिले के मरइगुड़ा थाना इलाके के लिगम पल्ली सीआरपीएफ 50 बटालियन कैंप का है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एक जवान ने सोमवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे अपनी सर्विस बंदूक AK-47 से साथी जवानों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस घटना में 7 जवानों को गोली लगी।

यह भी पढ़ें: झीरम घाटी हमले की न्यायिक जांच रिपोर्ट पर बवाल, सरकार की बजाय राज्यपाल को सौंपने पर सवाल

गोली लगने के बाद 3 जवानों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, वहीं बाकी चार जवानों को आनन-फानन में तेलंगाना के भद्राचलम में इलाज के लिए ले ज़ाया गया। यहां अस्पताल में एक जवान की मौत हो गई। वहीं तीन अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। फिलहाल तीनों घायल जवानों को चॉपर से हैदराबाद ले जाया जा रहा है। सीआरपीएफ ने बयान जारी कर इस घटना पर दुःख जताया है। 

गोली चलाने वाले जवान का नाम रीतेश रंजन बताया जा रहा है। फिलहाल उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि उसने ऐसा क्यों किया। बता दें कि छत्तीसगढ़ में ड्यूटी पर तैनात जवान द्वारा साथियों पर गोलीबारी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं।