MP सरकार का हवाई बेड़ा हुआ हाईटेक, 225 करोड़ के नए चॉपर से उड़ेंगे CM मोहन यादव
350 करोड़ रुपए का बॉम्बार्डियर चैलेंजर-3500 जेट के बाद अब मध्य प्रदेश सरकार 225 करोड़ का आधुनिक हेलिकॉप्टर भी खरीदने जा रही है।
भोपाल। कर्ज के बोझ तले दबे मध्य प्रदेश सरकार की फिजूलखर्ची रुकने का नाम नहीं ले रही है। आलम ये है कि राज्य सरकार कर्जखोरी कम करने की बजाय उड़नखटोलों पर करोड़ों रुपए फूंक रही है। 350 करोड़ रुपए का बॉम्बार्डियर चैलेंजर-3500 जेट खरीदने के बाद अब सीएम मोहन यादव ने नए हेलीकॉप्टर की भी फरमाइश की है। नतीजतन, सीएम मोहन के लिए अब 225 करोड़ रुपए के नए हेलीकॉप्टर का भी ऑर्डर दिया गया है।
इतना ही नहीं नए हेलीकॉप्टर और जेट का प्रदेशभर में इस्तेमाल हो सके, इसके लिए सरकार हेलीपैड और हवाई पट्टियां विकसित करेगी। सरकार अपने हवाई बेड़े को हाइटेक बनाने के साथ एयर कनेक्टिविटी बढ़ाने की तैयारी कर रही है। प्रदेश में अभी करीब 250 हेलीपैड बताए जाते हैं। सरकार अगले दो साल में करीब 63 नए हेलीपैड बनाने का लक्ष्य लेकर चल रही है। इनका नेटवर्क हर 50 किलोमीटर के दायरे में बनाने की योजना है। इससे मुख्यमंत्री के लिए जिलों तक पहुंचना आसान और सुगम होगा।
अधिकारियों का तर्क है कि वर्तमान में मुख्यमंत्री को कई दौरों में पहले विमान से एयरपोर्ट पहुंचना पड़ता है, फिर वहां से हेलीकॉप्टर या सड़क के रास्ते आगे जाना होता है। पर्याप्त हेलीपैड बनने के बाद संबंधित क्षेत्र के नजदीक हेलीकॉप्टर से सीधे पहुंचने का विकल्प मिलेगा। प्रदेश सरकार फ्रांस की एयरबस से ACH160 हेलीकॉप्टर खरीद रही है। टैक्स और शुल्क समेत इसकी कीमत करीब 225 करोड़ रुपए बताई गई है। इसकी डिलीवरी नवंबर में प्रस्तावित है। सरकार के लिए तैयार हेलीकॉप्टर में दो पायलट समेत 9 लोग बैठ सकेंगे।
एयरबस के आधिकारिक दस्तावेज के मुताबिक ACH160 को अधिकतम 10 यात्रियों की क्षमता के साथ तैयार किया जा सकता है। इसकी अधिकतम उड़ान अवधि 4 घंटे 30 मिनट और क्रूज स्पीड 155 नॉट है। हेलीकॉप्टर में आधुनिक तकनीक और कैमरों की सुविधा भी रहेगी। इसके पहले सरकार ने करीब 350 करोड़ रुपए का बॉम्बार्डियर चैलेंजर-3500 जेट खरीदा था। जेट की डिलीवरी सितंबर के आखिरी तक हो सकती है।




