Chhattisgarh Coronavirus: स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव की दहलीज तक पहुंचा संक्रमण

स्वास्थ्य मंत्री के स्टाफ के 10 कर्मचारी कोरोना संक्रमित, मंत्री की रिपोर्ट आई नेगेटिव, बंगला किया गया सील

Updated: Jul 31, 2020, 11:02 PM IST

रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के बंगले के 10 कर्मचारियों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसकी जानकारी खुद मंत्री टीएस सिंहदेव ने दी है। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के विशेष सहायक समेत पीएसओ की रिपोर्ट निगेटिव आई है। एहतियात के तौर पर सभी को क्वारंटाइन रहने की सलाह दी गई है।

सभी मरीजों को अस्पताल में एडमिट किया गया है। स्वास्थ्य विभाग प्राइमरी कांटेक्ट लिस्ट निकालने में जुटा है। खबर है कि पिछले दिनों अंबिकापुर से एक कैंसर पेशेंट आई थी, जो बंगले में ठहरी हुई थी। उसके संपर्क में वहां काम करने वाली एक महिला आई थी। कैंसर पीड़ित महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद इन सभी का कोरोना टेस्ट किया गया। इसमें बंगले के 10 कर्मचारियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमण का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से नए संक्रमितों की पुष्टि हो रही है। स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के अनुसार छत्तीसगढ़ में शुक्रवार को मिले कुल 256 नए मरीजों के साथ राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 8856 हो गई है। इनमें से 5921 संक्रमित इलाज के बाद स्वस्थ हो चुके हैं। प्रदेश में एक्टिव केस की संख्या 2884 है। जबकि प्रदेश में 51 लोगों की कोरोना संक्रमण के चलते मौत हो चुकी है।