इंदौर में DAVV गेट पर ABVP का प्रदर्शन, बस स्टॉप और बस पास शुल्क कम करने की मांग
इंदौर के DAVV गेट पर मंगलवार को ABVP ने नगर निगम के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। बस पास फीस कम करने और गर्ल्स हॉस्टल की सुरक्षा जैसी मांगों को लेकर हुए इस हंगामे से भंवरकुआं मार्ग पर भारी जाम लग गया।
इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में छात्रों से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने मंगलवार को नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (DAVV) के मुख्य गेट पर बड़ी संख्या में छात्र और कार्यकर्ता जुटे और अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के कारण भंवरकुआ से आईटी पार्क जाने वाले मार्ग पर यातायात भी प्रभावित हुआ और करीब आधा किलोमीटर से अधिक दूरी तक वाहनों की कतार लग गई थी।
प्रदर्शन को देखते हुए DAVV परिसर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। उस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात थे। सड़क पर जाम के कारण वाहन चालकों को काफी देर तक परेशानी का सामना करना पड़ा और ट्रैफिक धीमी गति से आगे बढ़ता रहा था।
यह भी पढ़ें:दिल्ली से दुबई जाने वाली स्पाइजेट की 2 फ्लाइट 24 घंटे लेट, एयरपोर्ट पर यात्रियों ने किया हंगामा
ABVP ने छात्रों की रोजमर्रा की परेशानियों से जुड़ी सुविधाओं को लेकर नगर निगम से जल्द कार्रवाई की मांग की है। संगठन की प्रमुख मांगों में स्कूल ऑफ फार्मेसी के सामने सिटी बस के लिए उचित स्टॉप बनाना और बढ़े हुए बस पास शुल्क को कम करना शामिल है। छात्रों का कहना है कि मौजूदा व्यवस्था के कारण आने-जाने में उन्हें परेशानी होती है।
संगठन ने DAVV के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग भी उठाई है। विद्यार्थी परिषद के मुताबिक, विश्वविद्यालय के गेट के आसपास वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है। ऐसे में विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए यातायात नियंत्रण के इंतजाम जरूरी हैं।
यह भी पढ़ें:खंडवा से मुंबई का सफर होगा 8 घंटे में, 4,415 करोड़ का कॉरिडोर बदलेगा MP की कनेक्टिविटी
इसके अलावा DAVV गर्ल्स हॉस्टल की सर्विस रोड पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की गई है। ABVP ने इस मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था करने की बात कही है। संगठन का कहना है कि हॉस्टल के आसपास सुरक्षा को लेकर छात्राओं की ओर से लगातार समस्याएं सामने आती रही हैं।
ABVP पदाधिकारियों के अनुसार, बस सुविधा, यातायात सुरक्षा और गर्ल्स हॉस्टल के आसपास बुनियादी व्यवस्थाओं से जुड़ी इन समस्याओं का सीधा असर विद्यार्थियों पर पड़ रहा है। प्रदर्शन के जरिए संगठन ने नगर निगम और संबंधित अधिकारियों से इन मुद्दों पर जल्द समाधान की मांग की है।
यह भी पढ़ें:ग्वालियर एयरफोर्स स्टेशन से विमान का कबाड़ चोरी, तीन आरोपी गिरफ्तार




