भूपेश बघेल को मिली यूपी की ज़िम्मेदारी, कांग्रेस ने यूपी के पर्यवेक्षक के तौर पर किया नियुक्त

भूपेश बघेल उत्तर प्रदेश विधानसभा से जुड़े सभी काम देखेंगे, उन्हें असम विधानसभा चुनाव के दौरान भी पार्टी ने पर्यवेक्षक नियुक्त किया था

Publish: Oct 02, 2021, 12:19 PM IST

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल को कांग्रेस पार्टी ने नई ज़िम्मेदारी है। कांग्रेस पार्टी ने सीएम भूपेश बघेल को उत्तर प्रदेश का पर्यवक्षेक नियुक्त किया है। सीएम उत्तर प्रदेश विधानसभा से जड़ी कांग्रेस पार्टी की सभी काम देखेंगे।  

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इस संबंध में निर्देश जारी किया है। कांग्रेस नेता ने पार्टी की अध्यक्ष सोनिया गांधी के हवाले से निर्देश जारी करते हुए कहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को आगामी यूपी विधानसभा चुनावों के लिए सीनियर पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। 

सीएम भूपेश बघेल को इस साल असम में विधानसभा चुनाव के दौरान भी कांग्रेस पार्टी ने पर्यवेक्षक नियुक्त किया था। अब पार्टी ने उत्तर प्रदेश की ज़िम्मेदारी भी उनके कंधों पर सौंपी है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के पास भी उत्तर प्रदेश का प्रभार है। उत्तर प्रदेश में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं।  

इसके अलावा कांग्रेस में शनिवार को ही दो नियुक्तियां हुई हैं। कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई के दो प्रदेश अध्यक्षों को नियुक्त किया गया है। मध्य प्रदेश एनएसयूआई की कमान मंजूल त्रिपाठी जबकि छत्तीसगढ़ एनएसयूआई की कमान नीरज पांडेय के हाथों में सौंपी गई है।