रायपुर में गरबा कार्यक्रम दौरान परोसा हुक्का, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने की आयोजकों पर कार्रवाई की मांग

निजी रेस्टारेंट के गरबा आयोजन में हुक्का परोसने की तस्वीरें हो रही वायरल, आयोजकों पर लगा हिंदुओं की आस्था और पवित्र त्योहार के अपमान का आरोप

Updated: Oct 12, 2021, 01:04 PM IST

Photo courtesy: Bhaskar
Photo courtesy: Bhaskar

रायपुर। VIP रोड स्थित शहर के एक जाने माने रेस्टोरेंट में गरबा नाइट का आयोजन किया गया है। यहां 8 से 14 अक्टूबर तक गरबा कार्यक्रम की धूम मची है। इस आय़ोजन में बड़ी संख्या में शहर के युवक युवतियां शामिल हो रहे हैं। यहां पंजाबी ढोल और डीजे की थाप पर गरबा किया जाता है। कहने को तो पारंपरिक ड्रेस में लोगों को बुलाया जाता है। लेकिन यहां आस्था के नाम पर नशे का कारोबार चल रहा है। रेस्टोरेंट में पहुंचे रसूखदार रईसों को हुक्का परोसने की शिकायत मिली है।

एक तरफ यहां माता की आराधना की जा रही है, भक्ति गीतों पर गरबा हो रहा है, वहीं बगल में बैठकर लोग हुक्के पी रहे हैं। नॉनवेज परोसा जा रहा है। इस गरबा आयोजन की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। कई संगठनों ने इसका विरोध करते हुए कार्रवाई की मांग की है। रेस्टोरेंट के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज की गई है। लोगों का आरोप है कि हिंदूओं की आस्था से खिलवाड़ किया जा रहा है।

इस मामले पर संज्ञान लेते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मामले की शिकायत पुलिस में की है। उन्होंने मामले में रेस्टोरेंट संचालक पर कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस नेता का आरोप है कि धार्मिक आयोजनों में हुक्का और नशे करना धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाता है। कांग्रेस ने आयोजकों पर जल्द से जल्द एक्शन लेने की मांग की है।दरअसल मुंबई की तर्ज पर नशे का खुला खेल छत्तीसगढ़ में होता आया है, यहां कुछ महीने पहले ड्रग तस्करों और पैडलर्स की गिरफ्तारी पुलिस ने की थी।