BJP में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल, बिप्लब देव बने MP के प्रभारी, संजय भाटिया को मिली राजस्थान की कमान
भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा फेरबदल करते हुए 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में नए प्रभारी नियुक्त किए हैं। मध्य प्रदेश की कमान बिप्लब कुमार देव और राजस्थान की जिम्मेदारी संजय भाटिया को सौंपी गई है।
भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए नए प्रभारी और सह प्रभारियों की नियुक्ति की है। मध्य प्रदेश में त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देव को नया प्रदेश प्रभारी बनाया गया है। जबकि, सांसद रेखा वर्मा को सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की ओर से जारी नई सूची में राजस्थान समेत कई राज्यों के संगठनात्मक प्रभार भी बदले गए हैं।
मध्य प्रदेश के लिए की गई नियुक्ति में बिप्लब कुमार देव को प्रभारी की जिम्मेदारी मिली है। देव त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री रह चुके हैं और भाजपा की राष्ट्रीय राजनीति में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनके साथ रेखा वर्मा प्रदेश संगठन से जुड़े कामकाज में सह प्रभारी के तौर पर जिम्मेदारी संभालेंगी।
यह भी पढ़ें:भोपाल में वकील से मारपीट के आरोप में TI सस्पेंड, वकीलों ने कोर्ट के सामने किया चक्काजाम
नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद प्रदेश प्रभारियों में यह पहला बड़ा बदलाव माना जा रहा है। नई व्यवस्था के जरिए पार्टी ने अलग-अलग राज्यों में संगठनात्मक जिम्मेदारियों के लिए नए नेताओं को तैनात किया है। सूची में प्रभारी के साथ कई राज्यों में एक से अधिक सह प्रभारियों की भी नियुक्ति की गई है।
राजस्थान में भी बड़ा बदलाव किया गया है। डॉ. राधामोहन दास अग्रवाल को प्रदेश प्रभारी के पद से हटाकर संजय भाटिया को नया प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार और दिल्ली भाजपा के नेता कुलजीत चहल को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है।
कविता पाटीदार भाजपा की राष्ट्रीय सचिव भी हैं और मध्य प्रदेश के मालवा क्षेत्र से पार्टी का प्रमुख ओबीसी चेहरा मानी जाती हैं। उनके पिता भेरूलाल पाटीदार मध्य प्रदेश विधानसभा के उपाध्यक्ष रह चुके हैं। वहीं, कुलजीत चहल दिल्ली भाजपा से जुड़े नेता हैं और नई दिल्ली नगर परिषद (NDMC) के उपाध्यक्ष के तौर पर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वे भाजपा के नमो ऐप के राष्ट्रीय संयोजक भी रह चुके हैं।
यह भी पढ़ें:MP में 5 दिन बंद रहेंगें बैंक, 28 से 30 सितंबर तक हड़ताल पर रहेंगे 40 हजार बैंककर्मी
राधामोहन दास अग्रवाल को जुलाई 2024 में राजस्थान का प्रभारी बनाया गया था और उन्होंने करीब 26 महीने तक यह जिम्मेदारी संभाली। उनके कार्यकाल के दौरान राजस्थान संगठन को लेकर समय-समय पर उनके सार्वजनिक बयानों और संगठन के कामकाज को लेकर नाराजगी की चर्चा भी सामने आती रही है। हालांकि, भाजपा की ओर से उन्हें हटाने का आधिकारिक कारण जारी नियुक्ति सूची में नहीं बताया गया है।
नई सूची में भाजपा ने कई राज्यों में संगठन की जिम्मेदारियां नए नेताओं को सौंपी हैं। सतीश पूनिया को पंजाब के साथ जम्मू-कश्मीर का प्रभार दिया गया है। पंजाब में अलका गुर्जर को सह प्रभारी बनाया गया है। वहीं, सुनील बंसल को पश्चिम बंगाल और तेलंगाना दोनों राज्यों की जिम्मेदारी मिली है। बंसल लंबे समय तक उत्तर प्रदेश में भाजपा के प्रभारी की भूमिका में रहे हैं।
महाराष्ट्र में बैजयंत जय पांडा को प्रभारी बनाया गया है। जबकि, अमित मालवीय, सदानंद शेट तानावडे और कमलजीत सहरावत को सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। स्मृति ईरानी को हरियाणा का प्रभारी बनाया गया है। सूची में ओडिशा, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु, गुजरात, बिहार, असम, छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए भी नई नियुक्तियां की गई हैं।
यह भी पढ़ें:ग्वालियर में हिस्ट्रीशीटर छोटू राजावत की हत्या, बाइक से खींचकर सीने और सिर में मारी गोली




