विष्णुदेव साय होंगे छत्तीसगढ़ के अगले मुख्यमंत्री, बीजेपी विधायक दल की बैठक में हुआ फैसला

आदिवासी समुदाय से आने वाले विष्णुदेव साय का जन्म 21 फवरी 1964 में जशपुर जिले के बगिया गांव में एक किसान परिवार में हुआ था।

Updated: Dec 10, 2023, 04:46 PM IST

रायपुर। विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ के अगले मुख्यमंत्री होंगे। रविवार को इसका औपचारिक ऐलान किया गया। आदिवासी समुदाय से आने वाले विष्णुदेव साय प्रदेश के चौथे मुख्यमंत्री होंगे। बताया जा रहा है कि सर्वसम्मति के साथ उन्हें मुख्यमंत्री चुना गया है।

छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री बनने पर विष्णुदेव साय ने कहा, "विधायक दल ने मुझे अपना नेता चुना है, इस अवसर पर मैं बहुत आनंदित हूं और मैं पार्टी को धन्यवाद करना चाहूंगा क्योंकि उन्होंने गांव के छोटे से कार्यकर्ता को छत्तीसगढ़ का नेतृत्व करने का मौका दिया है। मैं प्रधानमंत्री मोदी, पार्टी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभारी हूं।"

विष्णुदेव साय के नाम को बंद लिफाफे में लेकर पर्यवेक्षक झारखंड के पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा, केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और दुष्यंत कुमार गौतम आए थे। साय ने कुनकुरी विधानसभा सीट से चुनाव जीता है। चुनाव प्रचार के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने जनता से कहा था कि आप इन्हें विधायक बनाओ, हम बड़ा आदमी बना देंगे।

आदिवासी समुदाय से आने वाले विष्णुदेव साय का जन्म 21 फवरी 1964 में जशपुर जिले के बगिया गांव में एक किसान परिवार में हुआ था। उन्होंने 10वीं तक की पढ़ाई कुनकुरी स्थित लोयोला हायर सेकेंडरी स्कूल से की है। उनका एक बेटा और दो बेटियां हैं। विष्णुदेव साय ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरूआत 1989 में ग्राम पंचायत बगिया के पंच के रूप में की थी।

विष्णुदेव साय 2020 में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं। वे सांसद और केंद्रीय मंत्री भी रहे हैं। इतना ही नहीं साय की गिनती संघ के करीबी नेताओं में होती है। वह रमन सिंह के भी करीबी हैं। साल 1999 से 2014 तक वह रायगढ़ से सांसद रहे हैं। मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में साय को केंद्र में मंत्री बनाया गया, जिसके बाद इन्होंने संगठन पद से इस्तीफा दे दिया था।