केंद्र सरकार के खिलाफ महिला कांग्रेस का हल्लाबोल, महंगाई के विरोध में केंद्र की बीजेपी सरकार को घेरा

छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रर्दशन किया, महंगाई के विरोध में साइकिल रैली निकाली, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दाम कम करने की मांग, बीजेपी सरकार की गलत नीतियों की वजह से महंगाई बढ़ने का आरोप

Updated: Jul 09, 2021, 11:57 AM IST

Photo Courtesy: twitter
Photo Courtesy: twitter

रायपुर। देश में बढ़ती महंगाई के खिलाफ शुक्रवार को छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस ने मोर्चा खोला। केंद्र सरकार के खिलाफ छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस ने साइकिल रैली निकाल कर प्रर्दशन किया और महंगाई का विरोध जताया है। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस नेत्रियां मौजूद थी। महिला कांग्रेस की साइकिल रैली रायपुर के गांधी चौक स्थित पुराने कांग्रेस भवन से नए कांग्रेस भवन के लिए रवाना हुई। इस साइकिल रैली के मौके पर रायपुर महापौर एजाज ढेबर और राज्य सभा सांसद और महिला प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष फूलों देवी नेताम मौजूद थीं। फूलो देवी नेताम ने साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस साइकिल रैली में महिला कांग्रेस की सदस्यों ने साइकिल में सिलेंडर बांध रखा था।

सांसद फूलो देवी नेताम ने कहा की बीजेपी सरकार की गलत नीतियों की वजह से महंगाई बढ़ती जा रही है। बीजेपी के सात साल के कार्यकाल में महंगाई से लोगों की कमर टूटती जा रही है। केंद्र के फैसलों की वजह से करोड़ों महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर महंगाई कम नहीं की गई तो आगे भी प्रदर्शन जारी रहेगा। महिला प्रदर्शनकारियों ने गैस सिलेंडर में एक तिहाई सब्सीडी की मांग की है। इस दौरान महिलाओं ने नारेबाजी भी की।

महिला कांग्रेस का आरोप है कि पेट्रोल-डीजल और LPG गैस सिलेंडर के दाम सुरसा के मुंह जैसे बढ़ते जा रहे हैं। साइकिल रैली के बाद महिला कांग्रेस ने मोदी सरकार के खिलाफ धरना भी दिया। महिलाओं की मांग है कि पेट्रोल डीजल के दाम कम किए जाएं। प्रदर्शनकारी महिलाओं चुटकी लेते हुए कहा कि बीजेपी के राज में महंगाई डायन खाए जात है,  दिन दूनी रात चौगुनी बढ़ती महंगाई ने लोगों का जीना दूभर कर दिया है। देशभर में पेट्रोल-डीजल के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं, जिसका असर माल ढुलाई पर पड़ रहा है, यही वजह है कि हर सामान के दामों में लगातार इजाफा हो रहा है।