हड़ताल और अवकाश के चलते 4 दिन बंद रहेंगे बैंक 

बैंकिंग सेक्टर से जुड़ी विभिन्न यूनियनों ने 28 और 29 मार्च को पूरे देश में हड़ताल का आह्वान किया है, वित्त वर्ष की समाप्ति के कारण 30 और 31 मार्च को बैंकों में दैनिक कामकाज नहीं होगा 

Publish: Mar 26, 2022, 03:45 AM IST


नई दिल्ली। 
अगर आपको बैंक से जुड़ा कोई महत्वपूर्ण काम है तो इसे तुरंत कर लें क्योंकि 28 मार्च से 31 मार्च के बीच पूरे देश में 4 दिन तक बैंक बंद रहेंगे। बैंक से जुड़े विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने 28 और 29 मार्च को अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर जाने का आह्वान किया है।  जबकि 30 और 31 मार्च को वित्त वर्ष 2021-2022 की समाप्ति के कारण बैंकों में रूटीन कामकाज नहीं होगा। 
4 दिनों तक बैंकिंग सेवायें बंद रहने से आमलोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। इंडियन बैंक एसोसिएशन के अनुसार सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के निजीकरण और बैंक कानून संशोधन विधेयक 2021 के विरोध में 2 दिन के हड़ताल का संगठनों ने आह्वान किया है। 
अखिल भारतीय बैंक कर्मचारी संघ, बैंक कर्मचारी संघ और अखिल भारतीय बैंक अधिकारी संघ ने देशव्यापी हड़ताल की सूचना पहले ही दे दी है। बैंकिंग हड़ताल से कामकाज प्रभावित होने की आशंका है। इसे देखते हुए सार्वजनिक क्षेत्र के कुछ बैंकों ने अपनी शाखाओं और कार्यालयों में कामकाज को सुचारु बनाये रखने की व्यवस्था भी की है पर देशव्यापी हड़ताल का असर बैंकिंग सेवाओं पर पड़ने की आशंका है।हालाँकि भारतीय मजदूर संघ से जुड़े नेशनल आर्गेनाईजेशन ऑफ़ बैंक वर्कर्स ने दो  दिनी बैंक हड़ताल में शामिल नहीं होने का फैसला लिया है।