नवरात्रि के पहले दिन शेयर बाजार में रक्तपात, सेंसेक्स 1,769 अंक लुढ़का, निवेशकों के 10 लाख करोड़ स्वाहा
आज के कारोबारी सेशन में सेंसेक्स में 2.10 फीसदी तो निफ्टी में 2.12% की गिरावट देखी गई। सेंसेक्स 1,769 अंक की गिरावट के साथ 82,497 के स्तर पर बंद हुआ।

मुंबई। वैश्विक स्तर पर तनाव बढ़ने के कारण गुरुवार को घरेलू शेयर बाजार में भारी गिरावट देखने को मिली। शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स (BSE Sensex) और निफ्टी 50 (NSE Nifty) में आज दो फीसदी से अधिक गिरावट दर्ज की गई। नवरात्रि के पहले दिन शेयर बाजार में हुए इस रक्तपात के कारण निवेशकों के दस लाख करोड़ रुपए से ज्यादा स्वाहा हो गए।
आज के कारोबारी सेशन में सेंसेक्स में 2.10 फीसदी तो निफ्टी में 2.12% की गिरावट देखी गई। सेंसेक्स 1,769 अंक की गिरावट के साथ 82,497 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी में भी 546 अंक (2.12%) की गिरावट रही, ये 25,250 के स्तर पर बंद हुआ।
शेयर बाजार में बिकवाली से निवेशकों की वेल्थ 10.7 लाख करोड़ रुपए घट गई। गुरुवार को BSE पर लिस्टेड कंपनियों का ओवरऑल मार्केट कैप 465 लाख करोड़ रुपए रहा गया। इससे पहले के कारोबारी सत्र यानी 1 अक्टूबर को यह लगभग 475 लाख करोड़ रुपए था।
आज ऑटो,एनर्जी, फाइनेंस और बैंकिंग शेयर्स में ज्यादा गिरावट रही। BPCL, श्रीराम फाइनेंस और L&T के शेयर्स में 4% से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली। ये निफ्टी के टॉप लूजर रहे। वहीं JSW स्टील का शेयर 1.33% की तेजी के साथ निफ्टी टॉप गेनर रहा।
शेयर बाजार में त्राहिमाम के पीछे तीन कारण मुख्य तौर पर जिम्मेदार हैं। बाजार में जारी इस गिरावट के पीछे एक बड़ा कारण इजरायल और ईरान के बीच जंग का ऐलान हो जाना है। इससे मध्य पूर्व में संघर्ष बढ़ने की उम्मीद है, जिससे कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आ सकता है। इसके अलावा सेबी की एफएंडओ को लेकर जारी नए नियमों ने बाजार में गिरावट को बढ़ाने का काम किया है। उधर, अमेरिका में मंदी की आशंका बढ़ गई है, जिसके कारण पिछले कारोबारी दिन अमेरिकी बाजार में गिरावट रही। इसका असर दुनियाभर के बाजारों में दिख रहा है।