छिंदवाड़ा में भीषण सड़क हादसा, बोलेरो से टक्कर के बाद सीएनजी कार में विस्फोट, जिंदा जले पिता-पुत्र
छिंदवाड़ा में रविवार रात तेज रफ्तार सीएनजी कार बोलेरो से टकराने के बाद आग का गोला बन गई। हादसे में पिता-पुत्र कार के अंदर ही जिंदा जल गए।
छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दुर्घटना में सीएनजी कार में विस्फोट होने से पिता-पुत्र की जिंदा जलकर मौत हो गई। कुंडीपुरा थाना क्षेत्र के सिवनी रोड पर तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़ी बोलेरो से टकरा गई जिसके बाद कार में आग लग गई और कुछ ही पलों में पूरा वाहन आग का गोला बन गया। दोनों सवार कार के अंदर ही फंस गए थे। उन्हें बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका था। घटना का वीडियो भी सामने आया है जिसमें कार जलती हुई दिखाई दे रही है।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान अमृत सिंह (61) और उनके बेटे अरुण सिंह (22) के रूप में हुई है। अमृत सिंह वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (डब्ल्यूसीएल) के कर्मचारी थे। परिवार छिंदवाड़ा जिले के परासिया क्षेत्र के दिघावानी में रहता है। साथ में उनकी पत्नी, बेटा और भाई भी रहते हैं। दोनों पिता-पुत्र उत्तर प्रदेश स्थित अपने पैतृक गांव से लौट रहे थे और घर पहुंचने से करीब 40 किलोमीटर पहले हादसे का शिकार हो गए।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कार अरुण सिंह चला रहे थे और वाहन तेज रफ्तार में था। लंबे समय तक लगातार ड्राइविंग करने के कारण रात करीब तीन बजे चालक को झपकी आ गई। जिसके बाद कार अनियंत्रित होकर पहले सड़क किनारे लगे साइन बोर्ड से टकराई। इसके बाद वाहन जय अम्बे गैरेज के सामने खड़ी बोलेरो में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के सीएनजी सिलेंडर में आग लग गई और कुछ ही देर में विस्फोट हो गया।
आग तेजी से फैलने के कारण कार में सवार दोनों लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका था। लपटें इतनी भयानक थी कि पास में खड़ी गैरेज की दो अन्य गाड़ियां भी जलकर खाक हो गई। उस दौरान आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की लेकिन आग पर काबू पाना संभव नहीं हो सका।
हादसे की सूचना मिलते ही जय अम्बे गैरेज के संचालक ने कुंडीपुरा पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई गई। हालांकि, तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी और दोनों शव बुरी तरह झुलस चुके थे।
कुंडीपुरा थाना प्रभारी महेंद्र भगत ने बताया कि अमृत सिंह छिंदवाड़ा के गुरैया क्षेत्र में नया मकान बनवा रहे थे और जल्द ही परिवार के साथ वहां शिफ्ट होने की तैयारी में थे। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक को आई झपकी को दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है।




