पालघर के बोइसर एमआईडीसी में ओलियम गैस रिसाव, 2600 लोगों को सुरक्षित जगह पर पहुंचाया गया
महाराष्ट्र के पालघर जिले के बोइसर एमआईडीसी स्थित भगेरिया इंडस्ट्रीज में ओलियम गैस रिसाव से हड़कंप मच गया। जिसके बाद प्रशासन ने 2600 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
पालघर। महाराष्ट्र के पालघर जिले में सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। बोइसर एमआईडीसी स्थित भगेरिया इंडस्ट्रीज लिमिटेड की फैक्ट्री से ओलियम (फ्यूमिंग सल्फ्यूरिक एसिड) गैस का रिसाव हो गया। एहतियातन करीब 2600 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। जिनमें 1600 स्कूली छात्र भी शामिल हैं। प्रशासन ने तुरंत आपदा प्रबंधन योजना लागू कर दी और इलाके में निगरानी बढ़ा दी है।
अधिकारियों के मुताबिक, घटना दोपहर करीब 2 बजे हुई थी। उस दौरान 2,500 लीटर क्षमता वाले ओलियम डे टैंक से गैस लीक होने लगी थी। हवा की दिशा ऐसी थी कि सफेद धुएं का घना बादल तेजी से आसपास के रिहायशी क्षेत्रों की ओर फैल गया। इसका असर लगभग पांच किलोमीटर के दायरे में महसूस किया गया जिससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, भाभा ऑटोमिक रिसर्च सेंटर (BARC) और स्थानीय फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। शुरुआती दौर में घने और तीखे धुएं के कारण बचावकर्मियों को रिसाव के सटीक स्रोत तक पहुंचने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा। बाद में विशेषज्ञ टीमों ने सेल्फ कंटेन्ड ब्रीदिंग अपेरटस (SCBA) का इस्तेमाल करते हुए फैक्ट्री परिसर के अंदर प्रवेश किया और लीक हो रहे टैंक की पहचान की। रिसाव को नियंत्रित करने के लिए टैंक के चारों ओर रेत की बोरियां लगाई गई जिसके बाद स्थिति धीरे-धीरे काबू में आई।
इस घटना में कम से कम तीन लोगों ने आंखों में जलन की शिकायत की है। उन्हें एहतियातन अस्पताल में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। राहत की बात यह है कि अब तक किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना आमने नहीं आई है।
पालघर की कलेक्टर डॉ. इंदु रानी जाखड़ ने बताया कि प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से जिला आपदा प्रबंधन तंत्र सक्रिय कर दिया है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। वहीं, जिला पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। प्रशासन ने नागरिकों को घरों के अंदर रहने और केवल आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।




