सहारा इंडिया के निवेशकों के लिए खुशखबरी, पैसा वापस लौटाने के लिए आज लॉन्च होगा रिफंड पोर्टल

केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह नई दिल्ली में 'सहारा रिफंड पोर्टल' लॉन्च करेंगे। इसके जरिए सहारा के उन निवेशकों के पैसे वापस दिए जाएंगे जिनके निवेश की अवधि यानी समय सीमा पूरी हो चुकी है।

Updated: Jul 18, 2023, 09:27 AM IST

नई दिल्ली। सहारा ग्रुप में निवेश करने वाले लाखों लोग जिनका पैसा फंसा हुए है, उनके लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मंगलवार को सहारा रिफंड पोर्टल लॉन्च करेंगे। 18 जुलाई, 2023 यानी मंगलवार को सुबह 11 बजे इस पोर्टल को लॉन्च किया जाएगा।

रिपोर्ट्स के मुताबिक इस पोर्टल के जरिए उन निवेशकों के पैसे वापस मिलेंगे, जिनके निवेश की अवधि पूरी हो चुकी है। किस तरह से निवेशकों को उनके पैसे वापस मिलेंगे, इस बारे में सारी जानकारी सहारा रिफंड पोर्टल पर दी जाएगी।

सहारा इंडिया की को-ऑपरेटिव सोसाइटीज के 10 करोड़ निवेशकों के पैसे फंसे हुए हैं। इसमें बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश जैसे राज्यों के लोगों की संख्या सबसे ज्यादा है। पैसे वापस नहीं मिलने पर निवेशकों ने इस मामले में सरकार से हस्तक्षेप करने की अपील की थी। 

 दरअसल, देशभर के लाखों निवेशकों के करोड़ों रुपये सहारा इंडिया में फंसे हुए हैं। लोग अपने निवेश की रकम की वापसी का इंतजार कर रहे हैं। सहारा इंडिया की मैच्योरिटी पूरा होने के बाबजूद भी अभी तक लोगों के पैसे वापस नहीं मिल रहे हैं। इससे लोग परेशान हैं। निवेशकों ने इसको लेकर कई बार आंदोलन भी किया। लेकिन कोई हल नहीं निकला।

बहरहाल, आज लॉन्च होने वाले पोर्टल पर सहारा इंडिया के इन्वेस्टर्स की डिटेल्स होंगी। यह जानकारी भी होगी कि सहारा में निवेश किए गए पैसों को कैसे वापस पाया जा सकता है। सहारा इंडिया की को-ऑपरेटिव सोसाइटीज के 10 करोड़ निवेशकों के पैसे फंसे हुए हैं। इसमें बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश जैसे राज्यों के लोगों की संख्या सबसे ज्यादा है।