भारतीय शेयर बाजार की शानदार उपलब्धि, पहली बार 4 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंचा BSE का मार्केट कैप

शेयर बाजार में लगातार तेजी के कारण BSE पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप पहली बार रिकॉर्ड 29 नवंबर को 4 ट्रिलियन डॉलर को पार कर गया।

Updated: Nov 29, 2023, 07:10 PM IST

मुंबई। भारतीय शेयर बाजार के लिए बुधवार 29 नवंबर 2023 का कारोबारी सत्र बेहद ऐतिहासिक रहा। एक तो बाजार में निवेशकों की खरीदारी की बदौलत रिकॉर्ड तेजी रही जिसके चलते निफ्टी 20,000 के आंकड़े को पार करने में सफल रहा। वहीं, यह पहला मौका है जब BSE का मार्केट कैपिटलाईजेशन 4 ट्रिलियन डॉलर के पार चला गया।

सेंसेक्स 727 अंक बढ़कर 66,901 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी में भी 206 अंक की बढ़त रही, यह 20,096 के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 26 में तेजी और 4 में गिरावट देखने को मिली। एक्सिस बैंक और M&M टॉप गेनर्स हैं। नेस्ले और टाइटन में सबसे ज्यादा गिरावट देखने को मिली है।

घरेलू शेयर बाजार की तेजी पर दुनियाभर के निवेशकों की नजरें हैं और लंबे समय से इंडियन इक्विटी मार्केट को सबसे तेजी से ग्रोथ हासिल करने वाला बाजार कहा जा रहा है। इस समय बीएसई का मार्केट कैपिटलाइजेशन 3,33,15,463.77 करोड़ रुपये पर है यानी ये 333 लाख करोड़ रुपये का लेवल पार कर चुका है। डॉलर टर्म में देखें तो ये 4.01 ट्रिलियन डॉलर पर आ गया है।

ब्लूमबर्ग के डेटा के मुताबिक, इस कैलेंडर ईयर में अब तक भारत का मार्केट कैप करीब 15 पर्सेंट बढ़ा है, जबकि चीन के मार्केट कैप में 5 पर्सेंट की गिरावट आई है। टॉप-10 मार्केट कैप क्लब में अमेरिका एकमात्र ऐसा मार्केट है, जो 17 फीसदी के साथ भारत की तुलना में तेज रफ्तार से बढ़ा है। इस साल दुनिया के सभी बाजारों का संयुक्त मार्केट कैप 10 प्रतिशत बढ़कर 106 ट्रिलियन डॉलर हो गया है।