खरगोन में व्यापारी के घर ताबड़तोड़ फायरिंग, लॉरेंस गैंग के नाम पर मांगी गई 10 करोड़ की रंगदारी

खरगोन में 3 नकाबपोश बदमाशों ने एक व्यापारी के घर फायरिंग कर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 10 करोड़ की रंगदारी मांगी। साथ ही बम से उड़ाने की धमकी भी दी।

Updated: Mar 19, 2026, 07:34 PM IST

खरगोन। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले से एक व्यापारी के घर पर अज्ञात बदमाशों द्वारा गोलीबारी कर 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कसरावद थाना क्षेत्र के भीलगांव में सोमवार रात हुई इस वारदात की जिम्मेदारी सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों द्वारा लेने का दावा किया गया है। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, किसान कारोबारी दिलीप सिंह राठौर के घर के बाहर बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। वारदात उस समय हुई जब राठौर और उनका परिवार इंदौर में था। जिससे किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

यह भी पढ़ें:दुनियाभर की इंटरनेट सेवा ठप करने की ताकत रखता है ईरान, समुद्र के नीचे केबल काटने का बढ़ा खतरा

घटना के बाद व्यापारी के बेटे सत्येंद्र राठौर की शिकायत पर बुधवार को केस दर्ज किया गया। जिला पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा ने फायरिंग की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। वहीं, खरगोन ग्रामीण एडिशनल एसपी शकुंतला रूहल ने कहा कि वायरल वीडियो और कॉल डिटेल्स की साइबर सेल की मदद से जांच की जा रही है।

शिकायत के अनुसार, घटना से पहले और बाद में आरोपी अंतरराष्ट्रीय नंबरों से लगातार कॉल कर रहे थे। व्हाट्सऐप कॉल और वॉइस नोट के जरिए 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई था। आरोपियों ने फायरिंग का वीडियो भेजकर पैसे नहीं देने पर पूरे परिवार को जान से मारने और घर को बम से उड़ाने की धमकी दी थी 17 और 18 मार्च को भी विदेशी नंबरों से कई कॉल किए गए जिन्हें परिवार ने रिसीव नहीं किया था।

यह भी पढ़ें:भोपाल के हमीदिया अस्पताल में बड़ी लापरवाही, जीवित नवजात को डॉक्टरों ने घोषित कर दिया मृत

परिजनों ने जब इंदौर से लौटकर घर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो उसमें तीन नकाबपोश बदमाश मोटरसाइकिल से आकर घर के सामने फायरिंग करते नजर आए। वारदात के बाद परिवार में दहशत का माहौल है और सुरक्षा के मद्देनजर घर के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया है। 

इस बीच सोशल मीडिया पर हैरी बॉक्सर और अरजू बिश्नोई नाम से किए गए पोस्ट में इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। पोस्ट में आरोपियों ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया और व्यापारी परिवार को आगे भी धमकियां दी हैं। पुलिस इन दावों की सत्यता की जांच कर रही है और हाल ही में अशोकनगर जिले में सामने आए इसी तरह के मामले से संभावित कनेक्शन भी खंगाल रही है।

यह भी पढ़ें:MP: फेस्टिव सीजन से पहले पुलिसकर्मियों की छुट्टियां कैंसिल, सिर्फ इमरजेंसी में मिलेगी मंजूरी