महंगाई के मोर्चे पर एक और झटका, घरेलू गैस सिलेंडर के दाम फिर बढ़े, कमर्शियल गैस सिलेंडर के रेट में भी इजाफा 

पहले से ही महंगाई से त्रस्त जनता पर पड़ी एक और मार, घरेलू गैस के दाम 3.50 रूपए तो कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 8 रूपए की वृद्धि 

Updated: May 19, 2022, 03:42 AM IST

नई दिल्ली। 
दो हफ्ते के अंदर घरेलू गैस सिलेंडर के दाम एक बार फिर बढ़ गए हैं। महंगाई से त्राहि-त्राहि कर रही जनता को एक और झटका लगा है। आज घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में 3.50 रूपए की बढ़ोत्तरी हुई है। इसके साथ ही पूरे देश में घरेलू गैस सिलेंडर के दाम 1000 रूपए से ऊपर पहुंच गए हैं। घरेलू गैस सिलेंडर के साथ ही आज कमर्शियल गैस के दाम में भी इजाफा हुआ है। आज से कमर्शियल गैस सिलेंडर 8 रूपए और महंगा हो गया है। 

इससे पहले इसी महीने की 7 तारीख को घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में भारी भरकम इजाफा किया गया था। 7 मई को घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में 50 रूपए प्रति सिलेंडर की बढ़ोत्तरी की गई थी। महज दो हफ्ते के भीतर घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में एक बार फिर बढ़ोत्तरी किये जाने से जनता पर महंगाई की और मार पड़ी है। आज एलपीजी के दाम में हुई बढ़ोत्तरी के बाद दिल्ली में घरेलू गैस की कीमत 1003 रूपए हो गई है। पिछले साल दिल्ली में घरेलू एलपीजी की कीमत 809 रूपए प्रति सिलेंडर थी। 
एक साल में दिल्ली में एलपीजी की कीमत में 194 रूपए की वृद्धि हो चुकी है। एलपीजी की कीमत में आज हुई बढ़ोत्तरी के बाद कोलकाता में एलपीजी की कीमत 1029 रूपए और चेन्नई में एलपीजी की कीमत 1018. 50 रूपए हो गई है। वहीं मुंबई में घरेलू गैस के दाम 1002.50 रूपए हो गए हैं। 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम में भी आज 8 रूपए की बढ़ोत्तरी हुई है। इस वृद्धि के बाद दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 2354 रूपए प्रति सिलेंडर, मुंबई में 2306 रूपए प्रति सिलेंडर और चेन्नइ में 2507 रूपए प्रति सिलेंडर हो गई है।