98 साल के लालकृष्ण आडवाणी अपोलो अस्पताल में भर्ती, अपोलो ने जारी किया हेल्थ अपडेट

पूर्व उप प्रधानमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को चेस्ट इंफेक्शन की शिकायत के बाद दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Updated: Oct 17, 2026, 01:49 PM IST

नई दिल्ली। देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को शुक्रवार को चेस्ट इंफेक्शन की शिकायत के बाद दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल वे ICU में हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने अस्पताल जाकर उनसे मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य का हालचाल जाना।

98 वर्षीय आडवाणी को शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे अस्पताल लाया गया था। अपोलो अस्पताल ने स्वास्थ्य बुलेटिन जारी करते हुए बताया कि बीजेपी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को छाती में संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल के मुताबिक, फिलहाल वे ICU में हैं और न्यूरोलॉजी के सीनियर कंसल्टेंट डॉ. विनीत सूरी की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। उनकी हालत स्थिर है और डॉक्टरों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है।

वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी को अस्पताल में भर्ती कराए जाने से करीब एक हफ्ते पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर को नई दिल्ली स्थित उनके आवास पर मुलाकात की थी। इस दौरान मोदी ने सरकार के प्रमुख के तौर पर 25 साल पूरे होने पर आडवाणी से आशीर्वाद लिया था।

आडवाणी आगामी 8 नवंबर को अपना 99वां जन्मदिन मनाने वाले हैं। आडवाणी वर्तमान में दिल्ली में 30, पृथ्वीराज रोड स्थित आवास पर रहते हैं। साल 2024 के दिसंबर में भी आडवाणी को अपोलो अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। जानकारी के मुताबिक, वह चिकित्सा मूल्यांकन और मेडिकल जांच के लिए एडमिट हुए थे।

लाल कृष्ण आडवाणी ने 1980 में अटल बिहारी वाजपेयी के साथ मिलकर बीजेपी की स्थापना की थी। वह सबसे लंबे समय तक बीजेपी के अध्यक्ष रहे। उनके नेतृत्व में 1984 में सिर्फ 2 सीटों वाली पार्टी 1998 में 182 सीटों तक पहुंच गई। आडवाणी 1989 से लोकसभा के सदस्य रहे और 2019 में संन्यास तक 7 बार लोकसभा पहुंचे। ज्यादातर समय उन्होंने गांधीनगर सीट का प्रतिनिधित्व किया। वह 1998-2004 तक देश के गृह मंत्री रहे और 2002-2004 तक उन्होंने उपप्रधानमंत्री की जिम्मेदारी संभाली। आडवाणी को साल 2024 में भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान, भारत रत्न से सम्मानित किया गया था।