Deepti Naval: दीप्ति नवल की सेहत में सुधार, दिल का दौरा पड़ने के बाद करवाई थी एंजियोप्लास्टी

जानी मानी अभिनेत्री दीप्ति नवल को 17 अक्टूबर को दिल का दौरा पड़ा था, एंजियोप्लास्टी के बाद मंगलवार को अस्पताल से मिली छुट्टी

Updated: Oct 21, 2020, 08:56 PM IST

Photo Courtesy: Facebook
Photo Courtesy: Facebook

अपनी मोहक मुस्कान से लोगों का मन मोहने वाली दिग्गज एक्ट्रेस दीप्ति नवल इन दिनों अपनी सेहत का खास ख्याल रख रही हैं। 17 अक्टूबर को उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। जिसके बाद उनकी एंजियोप्लास्टी की गई। उनको स्टेंट डाले गए हैं। फिलहाल उनकी तबीयत पहले से काफी बेहतर है, मंगलवार को उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। अब वे अपने घर में आराम कर रही हैं।

आपको बता दें कि दीप्ति के सीने में दर्द था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार दीप्ति नवल ने सोमवार को मोहाली के अस्पताल में एंजियोप्लास्टी करवाई है। 68 वर्षीय दीप्ति हिमाचल प्रदेश के मनाली में रह रही हैं। उन्होंने खुद अपने फैंस को अपनी हेल्थ में सुधार की जानकारी दी है।  

पैरलल सिनेमा में दीप्ति नवल एक अलग ही स्थान रखती हैं। उनकी पहली फिल्म जुनून थी, जो 1978 में श्याम बेनेगल के डायरेक्शन में बनी थी। 1980 के दशक में वे अपने करियर में टॉप पर थीं। उनकी फिल्में चश्मे बद्दूर, आंखें, किसी से ना कहना, मिर्च मसाला, फिराक, अंगूर, शक्ति मैमोरीज ऑफ मार्च और लिसन आम्या हैं। दीप्ति ने फेमस वेब सीरीज मेड इन हैवेन में भी काम किया है। 80 के दशक में दीप्ति नवल फिल्मों में काफी एक्टिव थीं। उनकी जोड़ी फारुख शेख के साथ खूब जमती थी। 

दीप्ति जितनी अच्छी एक्ट्रेस हैं उतनी अच्छी गीतकार, पेंटर और फोटोग्राफर भी हैं। उन्हें प्रकृति से बेहद लगाव है, जब वे मुंबई की भागदौड़ भरी जिंदगी से ब्रेक लेना चाहती हैं तब वे अपने मनाली वाले घर का रुख करती हैं।

1985 में दीप्ति नवल ने फिल्म डायरेक्टर प्रकाश झा से शादी की थी। शादी के चार साल बाद दोनों अलग हो गए थे। प्रकाश और दीप्त‍ि की एक बेटी है जिसका नाम दिशा है। तलाक के बाद भी दीप्ति और प्रकाश दोस्त हैं। दीप्ति की बेटी दिशा ने अपने पिता प्रकाश झा की फिल्म राजनीति में कॉस्ट्यूम सुपरवाइजर के तौर पर काम किया था।